गुजरात और हिमाचल प्रदेश के
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। गुजरात और हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के गुरूवार को परिणाम आ गए। गुजरात में भाजपा ने बहुमत के साथ एक बार फिर बाजी मार ली, तो वहीं हिमाचल में कांग्रेस ने भाजपा के हाथ से सत्ता छीन ली है। इधर राजस्थान में सरदार शहर विधानसभा सीट पर हुए उप चुनाव में कांग्रेस अपनी सीट बरकरार रखने में सफल हो गई।
गुजरात में विधानसभा की 182 सीटों के लिए हुए चुनाव में गुरूवार शाम साढ़े छह बजे तक चुनाव आयोग से प्राप्त आंकड़े के अनुसार भाजपा ने 147 सीटें जीत कर बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया हैैं और 9 सीटों पर भाजपा प्रत्याशी आगे चल रहे हैं। कांग्रेस को 16 सीटों पर जीत मिल चुकी है, जबकि 1 सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी बढ़त बनाए हुए हैं। तमाम कोशिशोें के बावजूद अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी महज 5 सीट ही जीत पायी। सभी सीटों को लेकर देर शाम तक स्थिति पूरी तरह से साफ हो पाएगी, लेकिन गुजरात में तमाम अटकलों को विराम लगाते हुए भाजपा ने फिर से सत्ता पर काबिज होने का सपना पूर कर दिखाया। निर्दलीय व अन्य ने कुल 4 सीटें जीती हैं।
हिमाचल में कांग्रेस ने भाजपा के हाथ से सत्ता छीन ली
हिमाचल प्रदेश में भाजपा के हाथ से सत्ता निकल गई है। यहां कांग्रेस पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता पर काबिज हुई हैं। हिमाचल प्रदेश में 68 सीटों पर हुए चुनाव में चुनाग आयोग द्धारा शाम साढे बजे जारी आंकड़े के अनुसार कांग्रेस ने 40 सीटें जीती है, जबकि भाजपा को 23 सीटें मिली। 3 सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशी जीतें हैं। 2 सीटों पर भाजपा प्रत्याशी आगे चल रहे हैं।
राजस्थान: उप चुनाव में कांग्रेस का दबदबा रहा कायम
राजस्थान के सरदार शहर विधानसभा सीट पर हुए उप चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी अनिल शर्मा ने भाजपा के अशोक पिंचा को 26852 वोट से हराया। आरएलपी प्रत्याशी लालचंद मुंड तीसरे स्थान पर रहे। कांग्रेस प्रत्याशी को 91357 वोट, भाजपा को 64505 और आरएलपी प्रत्याशी को 46753 वोट मिले।
कांग्रेस में लंबे समय से नेताओं में चल रही आपसी लड़ाई के बावजूद उप चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी की जीत से कहीं न कहीं भाजपा नेतृत्व को सोचने को मजबूर होना पड़ेगा कि विपरित परिस्थितियों के बावजूद कांग्रेस अपनी सीट कायम रखने में सफल हो गई और राजस्थान में भाजपा नेता एकजूटता का दावा करने के बावजूद उप चुनाव में पार्टी प्रत्याशी को जीत नहीं दिलवा पाए।

