Site iconSite icon AR Live News

वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाकर सम्पन्न हुई नेशनल व्हीलचेयर क्रिकेट चैंपियनशिप-2022: यूपी टीम बनी चैंपियन

3rd national wheelchair cricket championship 2022 guinness book of world record uttar pradesh team won championship trophy in udaipur3rd national wheelchair cricket championship 2022 guinness book of world record uttar pradesh team won championship trophy in udaipur

उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। तृतीय नेशनल व्हीलचेयर क्रिकेट चैम्पियनशिप-2022 शनिवार को विश्व रिकॉर्ड बनाने के साथ सम्पन्न हो गयी। उत्तर प्रदेश की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन के साथ हरियाणा टीम को बिना विकेट खोए 6.2 ओवर में पराजित कर चैंपियनशिप ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

नारायण सेवा संस्थान, डिफरेंटली एबल्ड क्रिकेट काउंसिल ऑफ इंडिया (डीसीसीआई), डब्ल्यूसीआई और राजस्थान रॉयल्स के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुए सात दिवसीय टूर्नामेंट में गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया गया। नारायण सेवा संस्थान अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल ने बताया कि दुनिया के सबसे बड़े व्हीलचेयर क्रिकेट टूर्नामेंट को पहली बार गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया। इस सम्बंध में गिनीज बुक के प्रतिनिधि स्वप्निल ने नारायण सेवा संस्थान को विश्व रिकॉर्ड का प्रमाण पत्र प्रदान किया।

गिनीज बुक के प्रतिनिधि स्वप्निल ने बताया कि गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के लिए सभी पैरामीटर्स पूरे करने के साथ ही जरूरी था कि इस टूर्नामेंट में कम से कम 150 व्हीलचेयर क्रिकेटर हिस्सा लेते। लेकिन इस टूर्नामेंट में देशभर से आयीं 16 टीमों के 200 से अधिक व्हीलचेयर क्रिकेटर्स ने हिस्सा लिया। इंटरनेशनल और नेशनल लेवल पर इतना बड़ा व्हीलचेयर क्रिकेट टूर्नामेंट किसी भी देश में पहले नहीं हुआ है। ऐसे में इस नेशनल व्हीलचेयर क्रिकेट चैंपियनशिप ने लार्जेस्ट व्हीलचेयर क्रिकेट टूर्नामेंट का गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है।

प्रशांत अग्रवाल ने तृतीय राष्ट्रीय व्हीलचेयर क्रिकेट चैंपियनशिप के विश्व रिकॉर्ड बनाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि संस्थान नारायण पेरा स्पोर्ट्स एकेडमी के जरिए राष्ट्रीय पैरा गेम्स को प्रमोट करने के लगातार प्रयास करेगी।

विजेता को चैंपियनशिप ट्रॉफी के साथ 2.50 लाख रूपए और उप विजेता को 1.50 लाख रूपए पुरस्कार से नवाजा गया

विश्व दिव्यांगता दिवस पर चैंपियनशिप के समापन समारोह मेंं अतिथियों ने विजेता उत्तरप्रदेश की टीम को चैंपियनशिप ट्रॉफी के साथ ही 2.50 लाख रुपये और उपविजेता हरियाणा की टीम को 1.50 लाख रुपये नकद पुरस्कार से नवाजा।

समापन समारोह में ओलम्पियन एवं अर्जुन अवार्डी धूलचन्द डामोर, जिला कलेक्टर ताराचंद मीणा, राजस्थान राज्य धरोहर संरक्षण एवं प्रोन्नति प्राधिकरण के सीईओ टीकमचंद बोहरा, डब्ल्यू सी आई के अध्यक्ष स्क्वाड्रन लीडर अभय प्रताप सिंह, डीसीसीआई सचिव रवि चौहान, राजस्थान रॉयल्स के अभिजीत सिंह, राजस्थान जनजाति आयोग के सदस्य पन्नालाल मीणा, राजस्थान धरोहर संरक्षण प्राधिकरण निदेशक मनोहर लाल गुप्ता, जिला तैराकी संघ अध्यक्ष चन्द्रगुप्त सिंह चौहान, जिला खेल अधिकारी शकील हुसैन तथा क्रिकेट के अंतर्राष्ट्रीय अम्पायर मो रफीक की मौजूद रहे। संस्थान संस्थापक पद्मश्री कैलाश मानव ने अतिथियों का स्वागत करते हुए दिव्यांगों की शिक्षा, चिकित्सा एवं पुनर्वास की 38 वर्षीय सेवा यात्रा की जानकारी दी।

उत्तर प्रदेश टीम ने की आक्रामक फील्डिंग और बल्लेबाजी

सैकड़ों क्रिकेट प्रेमियों की मौजूदगी में आरसीए ग्राउंड पर नेशनल व्हीलचेयर क्रिकेट चैंपियनशिप-2022 का ग्रांड फिनाले मैच में उत्तर प्रदेश और हरियाणा टीम के बीच खेला गया। यूपी ने टॉस जीतकर हरियाणा को पहले बल्लेबाज़ी के लिए आमंत्रित किया। हरियाणा की टीम के तीन महत्त्वपूर्ण बल्लेबाज पहले ही ओवर में पवेलियन लौट गए।

हरियाणा टीम ने पहला विकेट पहली बॉल पर, दूसरा चौथी बॉल पर और तीसरे ओवर की आखिरी बॉल पर गंवा दिया। इससे टीम दबाब में आ गई। उत्तरप्रदेश टीम ने 14 ओवर में मात्र 85 रन देकर ही हरियाणा को ऑल आउट कर दिया।

उत्तर प्रदेश की टीम को जीत के लिए 86 रन ही बनाने थे। जीत का जज्बा लेकर कप्तान सोमजीत सिंह की अगुवाई में मैदान पर उतरी यूपी की टीम ने बिना विकेट खोए 6 2 ओवर में ही 86 रन का टारगेट पूरा कर चैम्पियनशिप की ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया।

उत्तरप्रदेश की ओर से ऑल राउंडर शैलेष यादव ने 2 ओवर फेंकते हुए 7 रन पर 3 विकेट झटके और 20 बॉल पर शानदार 36 रन बनाए। जिन्हें मैन ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा। सलामी बल्लेबाज अनमोल वशिष्ठ ने भी 45 रन का योगदान दिया।

Exit mobile version