- इस बार म्यूजिक फेस्टिवल की थीम “राजस्थान के भूले हुए संगीत वाद्ययंत्रों और परंपराओं का संरक्षण और प्रचार”
- पेपोन, रघु दीक्षित सहित देश और दुनिया के कलाकार देगें प्रस्तुति
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। वेदांता उदयपुर वर्ल्ड म्यूजिक फेस्टिवल का छठा संस्करण 16 से 18 दिसंबर तक उदयपुर में होने जा रहा है। इन तीन दिनों में 100 से अधिक सुप्रसिद्ध संगीतकार प्रस्तुती देगें। हिंदुस्तान जिंक द्वारा प्रायोजित हो रहे यह वर्ल्ड म्यूजिक फेस्टिवल दम लगा के हईशा, सुल्तान और संजू फिल्म के प्रसिद्ध पार्श्व गायकों में से एक पेपोन की प्रस्तुती का गवाह बनेगा।
पेपोन ने इन ब्लॉकबस्टर फिल्मों में मोह-मोह के धागे, बुल्लेया और बाबा बोलता है बस हो गया की प्रसिद्ध धुनों को स्वर दिया है। वहीं रघु दीक्षित भी संगीत प्रेमियों को लुभाएगें, जिन्होंने गली बॉय, शेफ, कोड्स जैसी फिल्मों में अपनी आवाज दी है। सहर की संकल्पना पर शुरू हुए वेदांता उदयपुर वर्ल्ड म्यूजिक फेस्टिवल में देश के ख्यातनाम कलाकार कामाक्षी खन्ना, धु्रव विश्वनाथ और नंदिनी शंकर, पुर्तगाल की फाडो गायिका कातिया गुएरेइरो, कोलंबिया, चिली, पनामा, पैराग्वे के, एबाकोराओं एवं पुर्तगाल के अलबलूना सहित अन्य कलाकार भी अपनी प्रस्तुती देंगे।
म्यूजिक फेस्टिवल में होगा “वेदांता टैलेंट हंट“
वेदांता उदयपुर वर्ल्ड म्यूजिक फेस्टिवल के हिस्से के रूप में, पहली बार हिंदुस्तान जिंक ने वेदांता टैलेंट हंट की शुरुआत की है, जिसके माध्यम से संगीत प्रेमियों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर लाने का एक प्रयास किया गया है। टैलेंट हंट में 12 से 30 वर्ष की आयु के संगीतकारों से राजस्थान के 5 जिलों उदयपुर, अजमेर, चित्तौड़गढ़, राजसमंद और भीलवाड़ा से 90 से अधिक प्रविष्टियाँ प्राप्त हुई हैं।
वेदांता उदयपुर वर्ल्ड म्यूजिक फेस्टिवल 2022 की मुख्य थीम “राजस्थान के भूले हुए संगीत वाद्ययंत्रों और परंपराओं का संरक्षण और प्रचार है”, जहां उत्सव सारंगी पर केंद्रित होगा, ताकि युवा पीढ़ी को अपनी विरासत से रूबरू एवं सरंक्षित करने के लिए प्रेरित किया जा सके। सारंगी यूनेस्को द्वारा संरक्षित संगीत परंपरा है।

