दूसरे दिन हुए लीग के 6 मैच में छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, उत्तराखंड, गुजरात, यूपी व दिल्ली की टीमें जीतीं
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर में नारायण सेवा संस्थान, डीसीसीआई, डब्ल्यूसीआई और राजस्थान रॉयल्स के तत्वावधान में चल रही T-20 तीसरी नेशनल व्हीलचेयर क्रिकेट चैंपियनशिप के दूसरे दिन यूपी टीम ने 310 रन बनाकर अब तक हुए सभी मैच के रिकॉर्ड तोड़ दिए। आज भी लीग के 6 मैच खेले गए।
नारायण सेवा संस्थान के अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल ने बताया कि छह मैच दो पारियों में नारायण दिव्यांग स्पोर्ट्स एकेडमी ग्राउंड, आरसीए ग्राउंड और राणा प्रताप रेलवे स्टेशन ग्राउंड में हुए। मैदान में जब व्हीलचेयर पर खिलाड़ी खेल रहे होते है, तो उनको देखकर लगता है, मानो उनके लिए असंभव कुछ भी नहीं। हर कोई उनके हौसले देख दंग है। मैन ऑफ द मैच रहे खिलाड़ियों को उदयपुर में सेव द गर्ल चाइल्ड की ब्रांड एम्बेसडर दिव्यानी कटारा ने सम्मानित किया।
T-20 ओवर में हुए मैच: परिणाम
पहली पारी में खेले गए मैच
- राजस्थान v/s उत्तराखंड : राजस्थान पहले बेटिंग करते हुए 15.2 ओवर में 102 रन बना ऑल आउट हो गई। जवाब में उत्तराखंड के अफताब अंसारी के अर्द्ध शतक के बदौलत 12 ओवर में 6 विकेट से जीत अपने नाम की। उत्तराखंड के अजय शर्मा 4 ओवर में 4 विकेट लेकर मैन ऑफ द मैच बने।
- तमिलनाडु v/s उडीसा : तमिलनाडु ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी कर 235 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी उड़ीसा टीम मात्र 36 रन पर ऑल आउट हो गई। परिणामस्वरूप तमिलनाडु 199 से विजयी हुई। मैन ऑफ द मैच जेयन रहे, जिन्होंने 54 गेंद पर शानदार 115 रन का योगदान दिया।
- छतीसगढ़ v/s पंजाब : पंजाब ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग चुनी। छत्तीसगढ़ की टीम ने 7 विकेट पर 192 रन जड़े। लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब 158 रन ही बना सकी। यह मैच छत्तीसगढ़ 34 रन से जीता। करियर का पहला शतक 107 रन बनाने वाले पोषण को मैन ऑफ द मैच का खिताब मिला।
दूसरी पारी में खेले गए मैच
- गुजरात v/s आंध्रप्रदेश : आंध्रप्रदेश ने टॉस जीतकर बेटिंग की और 9 विकेट पर 80 रन बनाए। जवाब में गुजरात की टीम ने मात्र 8 ओवर में 1 विकेट पर लक्ष्य हासिल कर 9 विकेट से जीत दर्ज की। गुजरात के कैप्टन भीमा खुन्ती 17 बोल पर 44 रन बनाकर मैन ऑफ द मैच रहे।
- यूपी v/s हिमाचल : यूपी की टीम ने पहले बेटिंग करते हुए निर्धारित 20 ओवर में धुआंधार 1 विकेट पर 310 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए हिमाचल की टीम निर्धारित ओवर में 7 विकेट पर मात्र 93 रन ही बना सकी। यूपी यह मुकाबला 217 रन से जीता। मैन ऑफ द मैच शैलेष यादव रहे।
- दिल्ली v/s मुम्बई : दिल्ली ने पहले खेलते हुए 9 विकेट पर 179 रन बनाए। सर्वाधिक 74 रन साहिल ने बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए मुम्बई टीम 5 विकेट पर 133 रन ही बना सकी। यह मुकाबला दिल्ली के नाम रहा। मैन ऑफ द मैच महेन्द्र सिंह रहे, जिन्होंने 31 बॉल पर 49 रन व 1 विकेट भी लिया।
पाकिस्तान और बांग्लादेश के विरूद्ध भी देश के लिए खेल चुके हैं पोषण
छतीसगढ़ के खिलाड़ी पोषण कुमार ने 4 साल की उम्र में हुए कार एक्सीडेंट में दांया पांव खो दिया था। तब से उनका जीवन चुनौतियों में बीता, लेकिन उन्होंने कभी हिम्मत नहीं हारी। पोषण माता-पिता के साथ खेती करते हैं और परिवार का पालन-पोषण करते हैं।
2017 से व्हीलचेयर क्रिकेट खेलना शुरू किया। कम संसाधनों के बीच चुनौतियों का सामना कर अब तक 12 टूर्नामेंट खेल चुके हैं। वे इंडिया ए से भी खेलते है और पाकिस्तान, बांग्लादेश के विरुद्ध भी देश के लिए खेलकर बेहतरीन प्रदर्शन से लोगों का दिल जीत चुके हैं।
शानदार बल्लेबाजी से इंडियन टीम के लिए की दावेदारी
बल्लेबाजी के दम पर लोगों का ध्यणन आकर्षित करने वाले शैलेष यूपी टीम के ऑपनर हैं और पिछले डेढ़ साल से शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। वे इससे पूर्व 2 शतक जड़ चुके हैं। इनके पिता किसानी करते हैं और स्वयं शकुंतला विश्व विद्यालय से स्पेशल बीएड का कोर्स कर रहे हैं। शानदान बल्लेबाजी कर शैलेष ने सलेक्टर्स का ध्यान अपनी ओर खीचते हुए इंडियन टीम में चयन की दावेदारी की है।

