सलूंबर क्षेत्र में बांसवाड़ा की ठेकेदार कंपनी करवा रही थी काम
उदयपुर(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर जिले के सलूंबर क्षेत्र में राठौड़ा गांव के पास सोम नदी पर 29 करोड़ की लागत से बन रहे एक पुल के गडर सोमवार को अचानक जमीन पर आ गिरे। संयोग यह रहा कि कोई जनहानी नहीं हुई, लेकिन इस प्रोजेक्ट की तकनीकी मॉनिटरिंग पर सवाल खड़े होने के साथ ही प्रोजेक्ट के समय पर पूरा होने पर भी संशय नजर आ रहा हैं। यह काम पीडब्ल्यूडी के मार्फत बांसवाड़ा की ठेकेदार कंपनी भारती कंस्ट्रक्शन द्वारा किया जा रहा था।
निर्माणाधीन पुल के गडर गिरने की सूचना पर पुलिस के साथ ही पीडब्ल्यूडी के अधिकारी व नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे। ठेकेदार कंपनी के सुपरवाइजर द्वारा दी गई जानकारी अनुसार पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने बताया कि बांसवाड़ा की ठेकेदार कंपनी भारती कंस्ट्रक्शन कंपनी की लेबर काम कर रही थी। शटरिंग के दौरान गडर के नीचे लगाए गए सपोर्ट खिसकने से सातवें नंबर के स्पान के पांच गडर जमीन पर आ गिरे।
आठ साल पहले स्वीकृत प्रोजेक्ट, कोई न कोई बाधा आती जा रही
विभागीय जानकारी अनुसार सोम नदी पर पुल निर्माण का यह प्रोजेक्ट करीब आठ साल पहले स्वीकृत हुआ। पहले जो एस्टीमेट बनाया गया वह करीब चार करोड़ का था। बजट स्वीकृति होने में देरी होने से लागत बढ़ गई। ऐसे में बढ़ी हुई लागत अनुसार बजट स्वीकृति की कवायद की गई। उसमें भी देरी होते होते यह प्रोजेक्ट 29 करोड़ की लागत तक पहुंच गया। अब जब बजट स्वीकृति मिली और मौके पर काम शुरू हुआ तो प्रोजेक्ट पूरा होता उससे पहले ही सोमवार को यह घटना हो गई। इससे अब ठेकेदार को फिर से गडर कास्ट करने पड़ेंगे। ऐसे में प्रोजेक्ट तय सीमा में पूरा होना मुश्किल नजर आ रहा हैं।

