श्रीहरिकोटा,(एआर लाइव न्यूज)। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने शनिवार को PSLV C54 रॉकेट लॉन्च किया है। पीएसएलवी सी54 के जरिए ओशनसैट 3 और आठ लघु उपग्रह भी प्रक्षेपित किए गए हैं। महासागरों के वैज्ञानिक अध्ययन और चक्रवातों पर नजर रखने के लिए ये कारगर साबित होंगे।
44.4 मीटर ऊंचे रॉकेट का यह पीएसएलवी-एक्सएल प्रारूप है, जिसमें 321 टन लिफ्ट ऑफ मास यानी खुद रॉकेट, बूस्टर, प्रोपेलेंट, उपग्रह व उपकरणों को अंतरिक्ष में ले जाने की क्षमता है। रॉकेट की यह 24वीं उड़ान है।
इसरो के अध्यक्ष एस सोमनाथ ने बताया कि पीएसएलवी-सी54 ने पृथ्वी अवलोकन उपग्रह को सफलतापूर्वक उसकी लक्षित कक्षा में स्थापित कर दिया है। इसे 11 बजकर 56 मिनट के पूर्व निर्धारित समय पर लॉन्च किया गया। पीएसएलवी-सी54 के प्रक्षेपण के 17 मिनट बाद इच्छित कक्षा में पहुंचने पर पृथ्वी अवलोकन उपग्रह या ओशनसैट सफलतापूर्वक रॉकेट से अलग हो गया।

