150 करोड़ से अधिक टैक्स चोरी की संभावना
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर में एक्मे ग्रुप और अरिहंत प्रोपर्टी डीलर्स पर पड़े आयकर छापे का आज शुक्रवार को तीसरा दिन है। आयकर टीमों की सर्च जारी है, आयकर अधिकारियों ने आज दोनों ग्रुप से संबंधित करीब 20 बैक लॉकर्स खोले, जिससे कई खुलासे हुए हैं।
अब तक की कार्रवाई से 150 से 200 करोड़ रूपए की टैक्स चोरी का अनुमान लगाया जा रहा है, हालां कि आयकर अधिकारियों का कहना है कि अघोषित संपत्ति का खुलासा सर्च कार्रवाई पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
आयकर अधिकारी छापे में मिले दस्तावेजों के आधार पर इन दो ग्रुप के प्रबंधक व निदेशकों सहित इनसे जुड़े करीब 60 कारोबारियों से भी पूछताछ कर रही है। इनसे करोड़ों रुपए के अघोषित निवेश को लेकर पूछताछ की जा रही है। जानकारी के अनुसार दोनों ही ग्रुप्स का रियल एस्टेट में कई बड़े प्रोजेक्ट्स, रिसोर्ट में बड़े स्तर पर अघोषित निवेश है।

