भीलवाड़ा,(एआर लाइव न्यूज)। भीलवाड़ा शहर में गुरूवार को दिनदहाड़े युवक की गोली मार कर हत्या कर दी गयी। घटनाक्रम के बाद पीड़ित पक्ष के लोगों ने विरोध प्रदर्शन कर तोड़फोड़ कर दी। जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल हो गया। प्रशासन ने एहतियातन इंटरनेट बंद कर दिया है।
पुलिस ने बताया कि इब्राहिम पठान 34 और कमरूद्दीन उर्फ टोनी 22 पुत्र मुंशी खां पठान दोनों भाई बड़ला चौराहे से हरणी महादेव की तरफ जा रहे थे। तभी रास्ते में दो बाइक पर आए चार बदमाशों ने इन्हें रोका और इन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। गोली लगने से इब्राहिम पठान की मौत हो गयी, वहीं कमरूद्दीन घायल हो गया। क्षेत्रवासियों ने दोनों को हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां इब्राहिम को डॉक्टर्स ने मृत घोषित कर दिया।
इब्राहिम की मौत से गुस्साए परिजन और क्षेत्रवासी आरोपियों की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग पर अड़ गए। प्रशासन ने काफी समझाइश की, लेकिन माहौल शांत नहीं हुआ, क्षेत्रवासियों ने हॉस्पिटल में तोड़फोड़ कर दी, तनाव बढ़ता देख पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर सभी को खदेड़ा और माहौल शांत किया।
क्षेत्र में तनाव की स्थिति होने से पुलिस ने एहतियातन नेट बंद करने के आदेश जारी कर दिए हैं। महात्मा गांधी, बडला चौराहा, भीमगंज, सीटी कोतवाली समेत शहर के सभी संवेदनशील इलाकों पर भारी पुलिस जाब्ता तैनात है। पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है।

