युवक जावरमांइस और युवती मदार की रहने वाली : ओनर किलिंग या प्रेम प्रसंग से हुई रंजिश की आशंका
गोगुंदा/उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर जिले के गोगुंदा थाना क्षेत्र के मजावद-उबेश्वर जी मार्ग पर केला बावड़ी के जंगल में शुक्रवार को प्रेमी युगल (युवक-युवती) के नग्न अवस्था में शव मिलने से सनसनी फैल गयी। मृतक युवक जावरमाइंस निवासी राहुल मीणा (30) पुत्र चतर सिंह मीणा और मृतक युवती बड़गांव पंचायत समिति के मदार निवासी सोनू (28) पुत्री भूर सिंह राजपूत हैं।
दोनों की सिर कुचलकर हत्या कर शव जंगल में फेंक दिए गए। आरोपियों ने जहां युवक के गुप्तांग को काट दिया, वहीं युवती के गुप्तांगों पर भी चाकू के वार के निशान हैं। युवक-युवती के प्रेम प्रसंग के चलते हत्या के पीछे ओनर किलिंग की आशंका जताई जा रही है। शव की स्थिति के अनुसार शव एक से दो दिन पुराने लग रहे हैं। ऐसे में आशंका है कि इनकी हत्या इनके घर से लापता होने के अगले दिन 16 नवंबर को ही कर दी गयी होगी।
एसपी विकास शर्मा ने बताया कि एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर सैंपल लिए हैं। डॉग स्क्वॉयड भी मौके पर पहुंची है। युवक-युवती की शिनाख्त हो गयी है। हत्या के आरोपियों की पड़ताल के लिए दोनों के ही परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ की जा रही है। हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग के कारण हुई रंजिश भी हो सकती है।
दोनों ही 15 नवंबर से लापता थे
थानाधिकारी योगेन्द्र व्यास ने बताया कि जावरमाइंस निवासी राहुल मीणा (30) पुत्र चतर सिंह मीणा और बड़गांव पंचायत समिति के मदार निवासी सोनू (28) पुत्री भूर सिंह राजपूत की हत्या हुई है। परिजनों ने शवों की शिनाख्त की है। राहुल और सोनू दोनों ही 15 नवंबर से ही घर से लापता थे। दोनों के शव मजावद उबेश्वर जी मार्ग पर केला बावड़ी के जंगल में मिले हैं। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
ओनर किलिंग की आशंका
मामले में ओनर किलिंग की आशंका इसलिए जताई जा रही है, क्यों कि युवक और युवती दोनों ही अंतरजातीय थे। दोनों ही 15 नवंबर से उनके घरों से लापता थे। दोनों के शव जंगल में नगावस्था में मिले हैं और इनके गुप्तांगों पर गंभीर चोट के निशान हैं। इन सभी हालातों को देखते हुए हत्या के पीछे ओनर किलिंग या प्रेम प्रसंग के चलते हुए रंजिश की आशंका जताई जा रही है।

