उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। शहर के पोलोग्राउंड निवासी एक्सपोर्ट, प्रोपर्टी और मार्बल-ग्रेनाईट व्यवसायी 65 वर्षीय अशोक कुमार दोशी को एक बदमाश ने अवैध वसूली के लिए धमकाते हुए कॉल किया और जान से मारने की धमकी दी है। व्यवसायी ने इस संबंध में अंबामाता थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई हैं।
एफआईआर में पोलो ग्राउंड निवासी व्यवसायी अशोक कुमार दोशी पुत्र विजय सिंह दोशी ने बताया है कि मंगलवार दोपहर उनके पास एक फोन-कॉल आया। बदमाश ने नाम लेकर पूछा लेटर मिला क्या। अशोक दोशी ने किसी भी प्रकार का लेटर नहीं मिलने का बताकर कॉल करने वाले अनजान व्यक्ति का परिचय पूछा, तो बदमाश ने फोन पर अवैध वसूली के लिए धमकाते हुए रूपयों की मांग की और रूपए नहीं देने पर चाकू से मारने की धमकी दी।
व्यवसायी को एक्सटॉर्शन के लिए मिले इस कॉल की पड़ताल पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने में जुट गयी है। थानाधिकारी रवीन्द्र सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। फोन करने वाले बदमाश की पड़ताल कर रहे हैं।

