Site iconSite icon AR Live News

मणिपुर में 31 उग्रवादियों ने आत्मसमर्पण कर हथियार व गोला-बारूद जमा किए

इंफाल (एआर लाइव न्यूज)। इंफाल में घर वापसी समारोह में बुधवार को घाटी स्थित पांच चरमपंथी संगठनों के 31 उग्रवादियों ने राज्य सरकार के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। और मणिपुर मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह के समक्ष अपने हथियार और गोला-बारूद रख दिए।

उग्रवादियों ने एक एम-16 राइफल, एक एम-4 कार्बाइन, एक लैथोड बंदूक, एक सिंगल बैरल राइफल, 11 पिस्टल और एक 12 एमएम बोर पिस्तौल के साथ पांच कारतूस, तीन लैथोड गोले, एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस और तीन जिंदा गोलियां जमा कीं। आत्मसमर्पण करने वाले सभी कैडर तीन साल तक पुनर्वास शिविर में रहेंगे।

जानकारी के अनुसार इंफाल के प्रथम बटालियन मणिपुर राइफल्स मैदान में आयोजित घर वापसी समारोह में घाटी के विभिन्न भूमिगत समूहों की महिलाओं सहित 31 कैडरों ने सीएम एन. बीरेन सिंह के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। 31 में से 17 कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (केसीपी)-पीपुल्स वार ग्रुप (पीडब्ल्यूजी), 4 युनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट (यूएनएलएफ), 6 द पीपल्स रिवोल्यूशनरी पार्टी ऑफ कांगलीपाक (पीआरईपीएके), 3 कांगलेई यावोल कन्ना लुप (केवाईकेएल), व पीआरईपीएके (वीसी) से एक कैडर से संबंधित हैं।

मुख्यमंत्री ने आत्मसमर्पण करने वाले कैडरों का स्वागत किया

सीएम एन. बीरेन सिंह ने ट्वीट करते हुए कहा कि मैं आज इंफाल के 1 एमआर बैंक्वेट हॉल में घर वापसी समारोह के दौरान हथियार डालने के लिए विभिन्न यूजी समूहों के 31 कैडरों का हार्दिक स्वागत करता हूं। यह मेरा दृढ़ विश्वास है कि कई और लोग मुख्यधारा में लौटेंगे और एक प्रगतिशील मणिपुर के निर्माण के काम में शामिल होंगे।

गृह आगमन समारोह में मंत्रिपरिषद, विधायक, पुलिस महानिदेशक (डीजीपी), पी डौंगेल, मुख्य सचिव राजेश कुमार और सेना और असम राइफल्स के शीर्ष अधिकारी सम्मिलित हुए।

Exit mobile version