- पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में 500 से अधिक जवान कर रहे धरपकड़
- होटल-धर्मशालाओं की ली तलाशी
- 25 नशेड़ी पकड़े, 12 हथियार बरामद
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। शहर में सुरक्षा के मद्देनजर उदयपुर पुलिस की जिला स्पेशल टीम और सभी थानों की पुलिस ने सोमवार शाम को विभिन्न संदिग्ध ठिकानों पर छापे मारे और होटल, धर्मशालाओं, मुसाफिरखानों की सघन तलाशी ली।
शहर में राह चलते लोगों के साथ हो रही लूटपाट की घटनाओं की रोकथाम में पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 25 नशेड़ी भी पकड़े, जिनमें 12 के पास से धारदार हथियार भी बरामद हुए हैं। पुलिस की कार्रवाई से सभी होटलों और धर्मशालाओं में हड़कंप मच गया।
एडि.एसपी चन्द्रशील ठाकुर ने बताया कि बदमाशों की धरपकड़ अभियान के तहत शहर के थानों की पुलिस ने यह आकस्मिक तलाशी की है। एक साथ शहर में सभी होटल, धर्मशालाओं और मुसाफिरखानों की तलाशी ली गयी है और सभी को नियमों की पालना के लिए पाबंद किया है। इस दौरान विभिन्न स्थानों से 25 नशेड़ियों को भी पकड़ा है। कार्रवाई अभी जारी है।
गौरतलब है कि एक दिन पहले ही उदयपुर में जावरमाइंस थाना क्षेत्र में केवड़े की नाल में ओडा रेलवे पुल पर विस्फोट की घटना हुई थी। इस मामले की जांच में स्टेट एटीएस के साथ ही एनआईए और आरपीएफ की टीमें भी जुटी हुई हैं। ऐसे में उदयपुर जिला देशभर में चर्चा का विषय बना हुआ है।

