उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। गुजरात में विधानसभा चुनाव की आचार संहिता लगी हुई है। इसी बीच शनिवार को उदयपुर आबकारी विभाग ने टीम ने कंटेनर में भरकर गुजरात के सूरत ले जायी जा रही अवैध शराब पकड़ी है। कंटेनर से बरामद हुई शराब की कीमत करीब 45 लाख रूपए आंकी जा रही है।
गुजरात चुनाव को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त आबकारी आयुक्त श्वेता फगेडिया, आबकारी निरोधक दल के आबकारी अधिकारी विजय जोशी व जिला आबकारी अधिकारी मुकेश कुमार कलाल के निर्देशन में आबकारी टीम लगातार निगरानी एवं नाकाबंदी कर रही है।
क्रॉकरी और परचून के सामान की आड़ ले जा रहे थे अवैध शराब
सहायक आबकारी अधिकारी अजय जैन ने बताया कि मुखबीर की सूचना पर टीम ने शनिवार को नेशनल हाईवे पर डबोक के समीप एक बड़े कंटेनर को रोका। कंटेनर की तलाशी ली गयी, तो अवैध अंग्रेजी शराब के 625 कार्टन बरामद हुए। जिसकी कीमत करीब 45 लाख रूपए आंकी जा रही है। शराब के सभी कार्टन पर सिर्फ पंजाब में बिक्री के लिए लिखा हुआ था।
कंटेनर के पीछे के हिस्से में क्रोकरी के साथ अन्य परचून का सामान बरामद हुआ, जिसकी आड़ में अवैध शराब पंजाब के मोगा से गुजरात के सूरत ले जाई जा रही थी। आबकारी टीम ने मौके से कंटेनर ड्राइवर बाड़मेर निवासी नाथा राम पुत्र तगा जाट को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई आबकारी वृत्त निरीक्षक मीनाक्षी चौहान, जमादार भगवत सिंह के नेतृत्व में टीम ने की है।

