Site iconSite icon AR Live News

अवैध खनन के खिलाफ माइंस विभाग की कारवाई

UIT UdaipurUIT Udaipur

11 लाख से अधिक जुर्माना वसूला, 50 से अधिक वाहन जब्त,एक गिरफ्तार

जयपुर (एआर लाइव न्यूज)। राज्य के माइंस विभाग द्वारा अवैध खनन गतिविधियों के खिलाफ 11 नवंबर से तीन दिवसीय विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें पिछले 24 घंटों में विभाग ने ताबड़तोड़ कार्यवाही करते हुए अवैध खनिज परिवहन में लिप्त 50 से अधिक वाहन जब्त किए।

अतिरिक्त मुख्य सचिव माइंस डॉ. सुबोध अग्रवाल ने बताया कि विभाग द्वारा पुलिस प्रशासन से समन्वय बनाते हुए तीन दिन का विशेष अभियान चलाते हुए राज्य भर में एक साथ कारवाई की। राज्य में रात्रिकालीन गश्त के दौरान ही 25 से अधिक वाहनों को बजरी, मेसनरी स्टोन, क्वार्टज, ग्रीट, जिप्सम आदि का अवैध परिवहन करते हुए जब्त किया गया। जयपुर वृत में ही पिछले 24 घंटों में 2 कंप्रेसर सहित 15 से अधिक वाहन जब्त किया जा चुके हैं। साथ ही एफआईआर दर्ज कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

कानोता के पास हर्डी हरध्यानपुरा में बड़ी कारवाई

जयपुर वृत के एसएमई प्रताप मीणा ने बताया कि जयपुर के कानोता के पास हर्डी हरध्यानपुरा में बड़ी कारवाई करते हुए 2 कंप्रेसर सहित वाहन जब्त किए गए। जयपुर में 4, अलवर में 1, कोटपुतली में 3, झुन्झुनूं में 3 व सीकर और नीम का थाना में एक एक वाहन अवैध खनिज परिवहन करते हुए जब्त किए गए है। जोधपुर एसएमई डॉ. धमेन्द्र लोहार ने बताया कि वृत में 9 वाहन जब्त किए गए हैं और एक लाख एक हजार 750 रु. जुर्माना वसूला गया।

उदयपुर जोन से 9 लाख से अधिक जुर्माना वसूला

उदयपुर जोन के अतिरिक्त निदेशक महेश माथुर ने बताया कि रात्रिकालीन गश्त के दौरान उदयपुर के फतेहनगर में दो वाहन जब्त किए गए हैं। उदयपुर, राजसमंद और भीलवाड़ा में अवैध परिवहन के 12 वाहन की जब्ती और अवैध भण्डारण के एक प्रकरण में कार्यवाही की गई है। इसके साथ ही 9 लाख 37 हजार 800 रु. जुर्माने के रुप में वसूले गए हैं।

हनुमानगढ़ में जिप्सम से भरे ट्रेक्टर को जब्त किया गया है। वहीं रात्रिकालीन गश्त के दौरान सवाई माधोपुर में दो डंपर, सलूंबर में एक, श्रीगंगानगर में जिप्सम से भरा ट्रेलर, ब्यावर में एक, रासतसर में एक, जालौर में 2, जोधपुर में 3 वाहन, भीलवाड़ा व अन्य स्थानों पर जब्त किए गए हैं। इससे पहले 11 नवंबर को शाम तक 25 से अधिक वाहन जब्त कर संबंधित थानों में पुलिस को सुपुर्द किए गए है।

Exit mobile version