जरवलरोड/बहराइच,विनोद कुमार शुक्ला।
विकासखंड जरवल ग्राम पंचायत तपेसिपाह के घाघरा घाट रेलवे स्टेशन के सामने किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन का अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन दूसरे दिन शुक्रवार को भी जारी रहा।
भारतीय किसान यूनियन प्रदेश सचिव ओमप्रकाश वर्मा ने बताया कि किसानों को दैनिक जीवन और व्यापार के लिए आने-जाने में आ रही समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर धरना शुरू किया गया है। जब तक समाधान नहीं होगा, धरना जारी रहेगा।
धरने में भारतीय किसान यूनियन प्रदेश सचिव ओम प्रकाश वर्मा, मंडल उपाध्यक्ष योगेंद्र पहलवान, मंडल सचिव दृगराज यादव, रामनारायण भास्कर, माधव राज यादव, रक्षाराम लोधी, परसराम यादव, राम नरेश यादव, मंडल उपाध्यक्ष पार्वती गौतम, रंजना चौहान, श्रीदेवी, रामानंद गौतम सहित कई किसान मौजूद रहे।
इन समस्याओं के समाधान की किसान कर रहे हैं मांग
: छुट्टा जानवर की बड़ी समस्या है, पंचायत में सैकड़ों जानवर रोड पर घूम रहे हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, कई बार सूचना देने के बाद जिले के अधिकारी मौन बैठे हुए हैं।
: करोना काल में गोंडा लखनऊ पैसेंजर बंद कर दी गई थी, जो आज तक नहीं चालू की गई है, जिससे गरीब किसान व्यापारी अन्य लोगों को आने जाने में दिक्कत हो रही। ऐसे में लखनऊ गोंडा पैसेंजर इंटरसिटी ट्रेन तत्काल चालू कराया जाए।
: जनपद गोंडा और बहराइच का आखिरी स्टेशन घाघरा घाट है, जहां पर मात्र पैसेंजर ट्रेनों का ठहराव होता था, पैसेंजर ट्रेन बंद होने की वजह से उक्त स्टेशन पर कोई ट्रेनों का ठहराव नहीं है। इसी दशा में पैसेंजर ट्रेन चलाना अति आवश्यक है।
: जरवल रोड स्टेशन पर इंटरसिटी का ठहराव था, जो करोना काल से इंटरसिटी का ठहराव बंद है, जरवल रोड स्टेशन पर इंटरसिटी की ठहराव की भी मांग की है। जिससे किसानों व व्यापारियों के लखनऊ आने जाने में समस्या है।
: ग्रामसभा तपेसिपाह में बाढ़ को लेकर के काफी पानी आ जाता है, जिससे धान की फसल नष्ट हो जाती है और गेहूं मटर मसूर की बुवाई नहीं हो पाती है। ऐसी दशा में नाला बनाया जाए, जिससे बाढ़ खत्म हो जाने के बाद जो पानी है, वह निकल जाए।

