Site iconSite icon AR Live News

उदयपुर में होगी नेशनल व्हीलचेयर क्रिकेट चैंपियनशिप: टूर्नामेंट में उतरेंगे 16 राज्यों के 300 खिलाड़ी

national wheelchair cricket championship will be held in udaipur with collaboration of narayan seva sansthannational wheelchair cricket championship will be held in udaipur with collaboration of narayan seva sansthan

उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर में पहली बार नेशनल व्हीलचेयर क्रिकेट चैंपियनशिप होने जा रही है। 27 नवंबर से 3 दिसंबर तक यह चैंपियनशिप होगी, जिसमें 16 राज्यों की 16 टीमें और 300 व्हीलचेयर्स क्रिकेटर्स हिस्सा लेंगे। दर्शकों के लिए यह चैंपियनशिप बेहद रोमांचक और प्रेरणास्त्रोत होगी, क्योंकि वे इस टूर्नामेंट में व्हीलचेयर पर बैठे क्रिकेटर को बॉल रोकने के लिए हवा में डाइव करते भी देखेंगे।

यह चैंपियनशिप नारायण सेवा संस्थान, डिफरेन्टली एबल्ड क्रिकेट काउंसिल ऑफ इण्डिया और व्हीलचेयर क्रिकेट इण्डिया एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में हो रही है। खासबात यह है कि वर्ल्ड लेवल पर ऐसा पहली बार हो रहा है जब व्हीलचेयर क्रिकेट चैंपियनशिप में इतनी टीमें और इतने खिलाड़ी एक साथ खेल सकेंगे।

नारायण सेवा संस्थान अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल ने बताया कि इस चैम्पियनशिप में हिमाचल प्रदेश, पंजाब, दिल्ली, हरियाणा, उत्तराखंड, उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, बड़ौदा, राजस्थान, गुजरात, मुम्बई, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्रप्रदेश, तेलंगाना की कुल 16 टीमों के 300 व्हीलचेयर क्रिकेटर्स हिस्सा लेंगे। इस खेल कुंभ के सफल संचालन में विभिन्न क्षेत्रों के 100 से अधिक क्रिकेट विशेषज्ञ और अधिकारी अपना योगदान देने के लिए उदयपुर आएंगे।

24 लीग मैच, 2 सेमीफाइनल और फाइनल मैच होंगे

डिफ्रेंटली एबल्ड क्रिकेट काउंसिल ऑफ इंडिया के सचिव रविकांत चौहान ने बताया कि यह तृतीय नेशनल व्हीलचेयर क्रिकेट चैंपियनशिप राजस्थान में पहली बार हो रही है। इस चैंपियनशिप में विनर टीम को ढाई लाख, फर्स्ट रनरअप टीम को डेढ़ लाख रूपए और दोनों सेमीफाइनल की उप-विजेता टीमों को 50-50 हजार रूपये का कैश अवॉर्ड दिया जाएगा। चैंपियनशिप के लिए 24 लीग मैच, 2 सेमीफाइनल और फाइनल एक ही जगह पर हो रहे है। 16 टीमों को चार ग्रुप में बांटा जाएगा।

रविकांत चौहान ने कहा कि नेशनल व्हीलचेयर क्रिकेट चैम्पियनशिप का यह तीसरा आयोजन है। लेकिन नारायण सेवा संस्थान के सहयोग से ऐसा पहली बार हो रहा है कि हम व्हीलचेयर क्रिकेटर्स को उनके अनुसार सभी व्हीलचेयर फ्रेंडली सुविधाएं उपलब्ध करा सकेंगे। इस टूर्नामेंट में एक आईपीएल फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स भी जुड़ रही है। जो व्हीलचेयर क्रिकेट को बहुत आगे लेकर जाएगा।

व्हीलचेयर सुगम हो उदयपुर, राजस्थान और देश

द्वितीय नेशनल व्हीलचेयर क्रिकेट चैंपियनशिप में विजेता रही पंजाब टीम के कप्तान वीर सिंह सांधु ने पूरे देश, राजस्थान और उदयपुर से व्हीलचेयर फ्रेंडली होने की अपील की। उन्होंने कहा इस चैंपियनशिप में हम सिर्फ खुद के लिए नहीं, बल्कि उन लाखों लोगों के लिए खेलेंगे, जो जन्म से या किसी दुर्घटनावश व्हीलचेयर पर निर्भर हो जाते हैं और खुद को घर में कैद कर लेते हैं।

बड़ी स्थित स्मार्ट विलेज में ठहरेंगी टीमें

नारायण सेवा संस्थान के मीडिया प्रभारी विष्णु शर्मा हितैशी ने बताया कि चैम्पियनशिप के सफल आयोजन की सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई है। नारायण सेवा संस्थान के बड़ी स्थित स्मार्ट विलेज में क्रिकेटर्स एवं बाहर से आने वाले विशेषज्ञों व अधिकारियों के आवास एवं भोजन की व्यवस्था की गई है।

इस चैंपियनशिप के सभी मैच डबोक स्थित नारायण दिव्यांग स्पोर्ट्स एकेडमी, सूरजपोल स्थिति राजस्थान कृषि महाविद्यालय और राणा प्रताप नगर स्टेशन के निकट स्थित उत्तर-पश्चिम रेलवे के ग्राउंड में खेले जाएंगे। यहां होने वाले मैचों में दर्शकों का प्रवेश निःशुल्क होगा।

Exit mobile version