गुरूद्वारों में हुए अखंड पाठ, शबद कीर्तन और लंगर
उदयपुर(एआर लाइव न्यूज)। गुरु नानक देव के 553वें प्रकाशोत्सव पर शहर के गुरूद्वारों में अखंड पाठ साहिब, शबद कीर्तन और लंगर के कार्यक्रम हुए।
सिख समाज गुरूद्वारा अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह सोनी ने बताया गुरुद्वारा श्री गुरु अरजन दरबार सेक्टर 11 में पहला दीवान सुबह 8.30 बजे सजाया गया और दूसरा दीवान दोपहर 12 बजे सजाया गया। दीवान में रागी राजेन्द्र सिंह खालसा के जत्थे ने शबद कीर्तन कर संगत को निहाल किया। इसके बाद आटोट लंगर वितरित हुआ। इसमें कलेक्टर ताराचंद मीणा सहित कई गणमान्य नागरिक भी शामिल हुए। सिक्ख समाज अध्यक्ष इंदरजीत सिंह सोनी ने सिरोपा भेंट किया।
शाम को बच्चों ने किया शबद कीर्तन
संरक्षक सरदार परमजीत सिंह ने गुरु नानक देव जी के जीवन पर प्रकाश डाला। सचिव अमरजीत सिंह चावला, उपाध्यक्ष हरविंदर सिंह अरोड़ा व सह सचिव तरणजीत सिंह सोनी ने रागी जत्थे का सम्मान किया। शाम को बच्चों के दीवान सजाया गया जिसमें बच्चों ने शब्द कीर्तन किया। अजर बच्चों को उपहार देकर प्रोत्साहित किया गया।
रक्तदान शिविर भी हुआ
करण सिंह गंभीर ने बताया कि श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में गुरूद्वारा साहिब को रोशनी से सजाया गया। रक्तदान शिविर प्रबंधक कमेटी गुरुद्वारा सेक्टर 11 एवं पूज्य सिंधी पंचायत सेक्टर 11.13 के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

