उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार सोमवार को उदयपुर-हिम्मतनगर असारवा (अहमदाबाद) ब्राॅडगेज लाइन का उद्घाटन होने के साथ ही इस लाइन पर रेल सफर भी शुरू हो गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा असारवा, अहमदाबाद में आयोजित कार्यक्रम में असारवा-हिम्मतनगर-उदयपुर गेज परिवर्तित (ब्राॅड गेज) रेल लाइन पर प्रथम रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम में रेल, संचार, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव भी उपस्थित थे।
इस लाइन के आमान परिवर्तन पर 2220 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं। नियमित रेल सेवा 1 नवंबर 2022 से प्रतिदिन संचालित होगी।
पर्यटन और उद्योग को मिलेगा बढ़ावा
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण के अनुसार असारवा, अहमदाबाद में आयोजित शुभारंभ समारोह के साथ-साथ उदयपुर से भी इस आमान परिवर्तित रेल लाइन पर नई रेल सेवा का शुभारंभ समारोह आयोजित किया गया। उदयपुर में आयोजित समारोह में विधानसभा नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया, चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी, उदयपुर सांसद अर्जुन लाल मीणा, उदयपुर ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा ने उदयपुर से असारवा रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया।
इस अवसर पर माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि आज इस परियोजना के पूर्ण होने एवं रेल सेवा के प्रारंभ होने से लाखों लोगों को राहत मिलने जा रही है। लंबे इंतजार के बाद गेज परिवर्तन का यह कार्य पूर्ण हुआ है। इस लाईन के प्रारंभ होने से कच्छ एवं राजस्थान के पर्यटन स्थल उदयपुर, चित्तौड़गढ़ एवं नाथद्वारा में निश्चित रूप से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही इस लाइन से बड़े औद्योगिक शहर के जुड़ने से उद्योगों को भी लाभ मिलेगा, विशेषकर हिम्मतनगर के टाइल उद्योग लाभान्वित होगा।
2008-09 में स्वीकृत हुआ था यह प्रोजेक्ट
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण के अनुसार उदयपुर-हिम्मतनगर-असरवा(अहमदाबाद) 295 किलोमीटर रेल मार्ग का मीटर गेज से ब्रॉडगेज में आमान परिवर्तन कार्य वर्ष 2008-09 में स्वीकृत किया गया था। इस कार्य पर करीब 2220 करोड़ रुपए का खर्च किया गया है। इस रेल मार्ग पर 41 बड़े व 736 छोटे पुल बनाए गए हैं। जबकि 22 क्रॉसिंग व 15 हाल्ट स्टेशन बनाए गए हैं।
अहमदाबाद-दिल्ली के बीच अतिरिक्त वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध हुआ
कैप्टन शशि किरण के अनुसार इस रेलसेवा में 2 वातानुकुलित कुर्सीयान, 1 थर्ड एसी, 3 द्वितीय शयनयान, 4 साधारण श्रेणी व 2 गार्ड डिब्बों सहित कुल 12 डिब्बे होगे। इस ब्रॉडगेज लाइन के शुरू होने सेे अहमदाबाद-दिल्ली के मध्य एक अतिरिक्त वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध हुआ है।
यह रहेगा रेल संचालन का समय
स्पेशल रेल : गाड़ी संख्या 09477असारवा(अहमदाबाद) – उदयपुर सिटी उद्घाटन स्पेशल रेल सोमवार शाम 6 बजे असारवा से रवाना होकर रात्रि 12.05 बजे उदयपुर पहुंचेगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 09609 उदयपुर सिटी – असारवा(अहमदाबाद) उद्घाटन स्पेशल रेल सेवा उदयपुर से 6 बजे रवाना होकर रात्रि 12.20 बजे असारवा पहुंचेगी। नियमित रेलसेवा 1 नवंबर से प्रतिदिन संचालित होगी।
प्रतिदिन एक्सप्रेस रेल : गाडी संख्या 19703 उदयपुर सिटी-असारवा(अहमदाबाद) प्रतिदिन एक्सप्रेस रेल 1 नवंबर से उदयपुर सिटी से शाम 5 बजे रवाना होकर रात्रि 11 बजे असारवा पहुंचेगी। गाडी संख्या 19704 असारवा-उदयपुर सिटी प्रतिदिन एक्सप्रेस रेल 1 नवंबर से असारवा से सुबह 6.30 बजे रवाना होकर दोपहर 12.30 बजे उदयपुर सिटी पहुुंचेगी। यह रेल उमरड़ा, जावर, जयसमन्द रोड, सेमारी, ऋषभदेव रोड, डूंगरपुर, बिछीवाड़ा, शामलाजी रोड, हिम्मतनगर, प्रांतिज, तलोद, नांदोल दहेगाम, नारोडा व सरदार ग्राम स्टेशनों पर रूकेगी।

