लालच और लापरवाही ने उजाड़ दिए परिवार..!
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को मोरबी में पीड़ितों से करेंगे मुलाकात
गुजरात,(एआर लाइव न्यूज)। गुजरात के मोरबी में रविवार शाम को केबल सस्पेंशन ब्रिज टूटने से हुए हादसे में रेस्क्यू टीम अब तक 134 लोगों के शव बरामद कर चुकी है। मृतकों में 25 बच्चों सहित महिला और बुजुर्ग ज्यादा हैं, वहीं बचाव दल ने 170 से अधिक लोगों को रेस्क्यू कर बचा लिया है।
इस हादसे के लिए भले ही सरकार ने अभी तक स्पष्ट रूप से जिम्मेदारी तय नहीं की हो, लेकिन सवाल यह है कि पुल पर जाने के लिए टिकट लेना अनिवार्य था, पुल का रखरखाव कर रही कंपनी को पता था कि पुल की क्षमता 100 लोगों की है, तो उसने 500 लोगों को टिकट क्यों दिया..? क्यों पुल पर ओवर क्राउड होने पर लोगों का प्रवेश बंद नहीं किया गया..? क्या ज्यादा से ज्यादा टिकट बेचने के लालच में पुल पर जाने के लिए क्षमता से अधिक टिकट बेच दिए गए..!
पुलिस ने हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है और 9 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मीडिया को प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को मोरबी जाएंगे, वे घटनास्थल का दौरा करने के साथ ही पीड़ित परिवारों से मुलाकात करेंगे। मंगलवार को उनके सभी सार्वजनिक कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं।
राजस्थान के मुख्यमंत्री ने हादसा स्थल का किया दौरा
इधर हादसे की जांच के लिए गुजरात सरकार द्वारा गठित की गयी एसआईटी टीम ने सोमवार को घटनास्थल का दौरा किया। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व में कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को हादसा स्थल का दौरान किया और पीडितों से मुलाकात की। कांग्रेस ने हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

