- 6 माह से बंद था केबल सस्पेंशन ब्रिज
- मरम्मत के बाद 25 अक्टूबर को ही आमजन के लिए खोला गया था ब्रिज
- ब्रिज की क्षमता 100 लोगों की थी, हादसे के समय ब्रिज पर करीब 500 लोग थे
गुजरात,(एआर लाइव न्यूज)। गुजरात के मोरबी में रविवार शाम को मच्छु नदी के उपर बना केबल सस्पेंशन ब्रिज टूट गया, हादसे के समय पुल पर मौजूद करीब 400 लोग नदी (मच्छु डैम) में गिर गए। हादसे के बाद एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें लगातार बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।
हादसे में अब तक 40 से अधिक लोगों की मौत की खबर आ रही है। हालां कि बचाव कार्य में जुटे प्रशासन ने मृतकों को लेकर अभी तक कोई बयान जारी नहीं किया है। करीब 100 लोगों को रेस्क्यू कर हाॅस्पिटल पहुंचा दिया गया है। हादसा इतना भयानक था कि पुल टूटने के बाद कई लोग बचने के लिए पुल के केबल से लटक गए, कुछ के हाथ से केबल छूट गयी और वे नदी में गिर गए।
हादसे को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सीएम भूपेंद्र पटेल से बात कर राहत व बचाव कार्य के निर्देश दिए हैं और मृतक के परिजनो को दो लाख रूपए व घायलों को 50-50 हजार रूपए आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
25 अक्टूबर को ही आमजन के लिए खोला था ब्रिज
जानकारी के अनुसार यह देश ब्रिज अंग्रेजों के शासनकाल में करीब 140 साल पहले बना था और देश की ऐतिहासिक धरोहरों में शामिल हैं। यह ब्रिज मरम्मत कार्यों के चलते पिछले 6 माह से बंद था। करीब 2 करोड़ रूपए की लागत से इसकी मरम्मत करवाई गयी थी। इसके बाद अभी 25 अक्टूबर को ही यह आमजन के लिए खोला गया था। बताया जा रहा है कि ब्रिज की क्षमता 100 लोगों की थी, लेकिन हादसे के समय ब्रिज पर करीब 500 लोग मौजूद थे। क्षमता से अधिक लोगों के आने के कारण ब्रिज टूट गया।

