Site iconSite icon AR Live News

नवनिर्वाचित अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने संभाली कांग्रेस की कमान

mallikarjun kharge takes charge as 1st non gandhi congress presidentmallikarjun kharge takes charge as 1st non gandhi congress president

सोनिया गांधी ने कहा कांग्रेस की अध्यक्षता एक बड़ी जिम्मेदारी

नई दिल्ली,(एआर लाइव न्यूज)। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बुधवार को कांग्रेस की कमान संभाल ली। ढाई दशक के बाद ऐसा पहला मौका है जब गैर गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष का कार्यभार संभाला।

कांग्रेस केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री ने सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की मौजूदगी में खड़गे को चुनाव प्रमाण पत्र सौंपा। राहुल गांधी उनकी भारत जोड़ो यात्रा से से तीन दिन 24 से 26 अक्टूबर तक ब्रेक पर हैं। कार्यक्रम से पहले बुधवार सुबह खड़गे दिल्ली के राजघाट पहुंचे और महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से उनके आवास पर मुलाकात की।

यह मेरे लिए एक भावनात्मक क्षण है : खड़गे

मल्लिकार्जुन खड़गे ने बतौर कांग्रेस अध्यक्ष पार्टी कार्यकर्ताओं को पहली बार संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यह मेरे लिए एक भावनात्मक क्षण है, क्योंकि एक मजदूर के बेटे, एक आम कांग्रेस कार्यकर्ता ने कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष के रूप में पदभार संभाला है। इस सम्मान के लिए मैं आप सभी का धन्यवाद करता हूं।

खड़गे ने कहा हम सब मिलकर एक ऐसे भारत का निर्माण करेंगे जो प्रबुद्ध, सशक्त और प्रत्येक नागरिक के लिए समान हो। हम इस देश के संविधान को बनाए रखेंगे, सभी के अधिकारों का सम्मान करेंगे और समान अवसर देंगे, नफरत फैलाने वालों को हराएंगे और महंगाई, बेरोजगारी और भूख से लड़ेंगे।

कांग्रेस पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मल्लिकार्जुन खड़गे को बधाई देते हुए कहा कि कांग्रेस की अध्यक्षता एक बड़ी जिम्मेदारी थी। मैंने ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की कोशिश की। मैं नवनिर्वाचित अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को हार्दिक बधाई देती हूं। दुनिया में बदलाव हो रहे हैं, कांग्रेस को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा था, लेकिन मुझे यकीन है कि हम समस्याओं से पार पा लेंगे।

Exit mobile version