Site iconSite icon AR Live News

शहीद मेजर मुस्तफा बोहरा को अंतिम विदाई,सैन्य सम्मान से किया सुपुर्दे खाक

उदयपुर(एआर लाइव न्यूज़)। अरुणाचल प्रदेश में शहीद हुए मेजर मुस्तफा बोहरा की पार्थिव देह रविवार शाम उदयपुर पहुंचने पर गमगीन माहौल में मेवाड़ के इस जांबाज को अंतिम विदाई दी गई। देर शाम खांजीपीर स्थित कब्रिस्तान में सुपुर्दे खाक किया गया।

शहीद मुस्तफा बोहरा की पार्थिव देह डबोक एयरपोर्ट पर पहुँचने पर परिवारजन और उदयपुरजन ने नमन किया। परिजनों की आंखों से टपकते आंसू और गमगीन माहौल के बीच शहीद की पार्थिव देह को सैन्य वाहन से उदयपुर शहर के खंजीपीर स्थित कब्रिस्तान लाया गया। इस दौरान मेजर मुस्तफा के परिजनों का जो हाल था वह शब्दों में बया नहीं किया जा सकता। 

मेजर मुस्तफा अमर रहें.. अमर रहें….

मेजर मुस्तफा बोहरा अमर रहे… अमर रहें…के नारों के बीच सैन्य जवानों ने आर्मी के प्रोटोकॉल अनुसार अपने साथी को अंतिम सलामी दी। सैन्य अधिकारियों व उदयपुर कलेक्टर ताराचंद मीणा ने शहीद मुस्तफा को पुष्प चक्र अर्पित किए। उसके बाद शहीद मेजर मुस्तफा को सुपुर्दे खाक किया गया।

दीपावली की खुशियों के बीच आयी थी यह बुरी खबर

मेवाड़ सहित पूरा देश दीपावली की खुशियां मना रहा हैं। उसी बीच अरुणाचल प्रदेश में हेलीकॉप्टर क्रैश के दौरान उदयपुर के मुस्तफा बोहरा सहित राजस्थान के 4 जवान शहीद होने की बुरी खबर ने हर किसी को स्तब्ध कर दिया। एक परिवार का जवान बेटा और देश का वीर जवान यू समय से पहले दुनिया से विदा हो जाएगा यह किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था।

Exit mobile version