टाउनहॉल में देर रात तक जमा कवि सम्मेलन
उदयपुर(एआर लाइव न्यूज)। टाउनहॉल में आयोजित दीपावली मेले में शुक्रवार की शाम कवियों और उनके कद्रदान श्रोताओं के नाम रहीं। देश के नामी कवियों ने यहां एक से बढ़कर एक काव्य पाठ की ऐसी प्रस्तुतियां दी की कवि सम्मेलन देर रात तक जमा।
कवि सम्मेलन का शुभारंभ समाजसेवी एवं वंडर सीमेंट के डायरेक्टर विवेक पाटनी, पूर्व महापौर चंद्र सिंह कोठारी, एडीएम सिटी प्रभा गौतम ने किया। इस दौरान अन्य अतिथि भी मौजूद थे। कवि सम्मेलन शुरुआत लखनऊ की वीर रस कवयित्री कविता तिवारी ने सरस्वती वंदना से की। कविता ने कवि सम्मेलन में देश भक्ति माहौल बनाते हुए वीर रस की मिठास भी घोली।
वंडर सीमेंट के सहयोग से हुए कवि सम्मेलन में जयपुर के वीर रस कवि मारुति नंदन ने कश्मीर के लाल चौक में वंदे मातरम गाएंगे…..पेश कर श्रोताओं में देश भक्ति का जोश भर दिया। अलवर के विनीत चौहान ने प्राण निछावर करने वाले, हाकिम का वंदन है….. चंदन का बलिदान दिया, उस मां का अभिनंदन है….। खून गिरा जिस पर राणा का, या चेतक घोड़े का….हल्दीघाटी की उस माटी को छू लो तो चंदन है….। कविता का पाठ कर लोगो में महाराणा के प्रति प्रेम का जोश भर दिया।
गुणगान करू क्या उस भारत माता का….
शाजापुर के दिनेश देसी घी ने देश भक्ति का रस बहाते हुए बखान करू क्या भारत माँ का, गुणगान करू क्या भारत माँ का…. मेरी भारत माँ की माटी का अद्भुत अंदाज ही निराला है….। हिन्दू मुस्लिम सिख ईसाई सभी को अपने आँचल में पाला है…। पेशकर खूब तालियां बटौरी।
नफरत में भी मैं प्यार का कलरव हूं ….
बिहार के हास्य कवि शम्भु शिखर नफ़रत में भी मैं प्यार का कलरव हूँ मनाओ , पोशाक पुरानी लिए अभिनव हूँ मनाओ….। रोने के लिये और भी महफ़िल है जहाँ में शम्भू शिखर मैं हास्य का उत्सव हूँ मनाओ….कविता का पाठ कर खूब हंसाया। मुरैनातेज नारायण बैचैन ने अपनी कविता से श्रोताओं को बैचेन कर दिया बैचेन ने युग की टेर लिऐ बैठी है….। मन के फेर लिऐ बैठी है, आ जाओ अब तो रघुनंदन शबरी बेर लिऐ बैठी है….। पेश कर वाह वाही लूटी। राव अजात शत्रु ने भी कविता पाठ किया।
कोई फर्क नहीं पड़ता, राजा राम हो या रावण, जनता है सीता है….
कवि सम्मेलन के अंत में पद्मश्री से सम्मानित हास्य कवि सुरेंद्र शर्मा ने अपनी कविताओं से सभी दर्शकों को लोटपोट कर दिया। हंसी ठीठोली के बीच सुरेन्द्र शर्मा ने हास्य कविताओं की फुलझड़ी लगा दी। सुरेन्द्र शर्मा ने मंच पर आकर बोला ” कोई फर्क नहीं पड़ता राजा राम हो या रावण, जनता है सीता है….। रावण राजा हुआ तो हरण कर ली जाएगी और राम राजा हुआ तो, अग्निपरीक्षा के हवाले कर दी जाएगी….। इस पर टाउनहॉल तालियों की गड़गड़ाहट सुनाई दी।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर विराम, मेला चलेगा
नगर निगम की सांस्कृतिक समिति अध्यक्षा चंद्रकला बोल्या ने बताया कि शुक्रवार रात्रि कवि सम्मेलन के साथ ही मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम की समाप्ति हो गई है। मेला 29 अक्टूबर तक जारी रहेगा और झूले व दुकानें लगीं रहेगी।

