उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। गुजरात में दिसंबर माह में विधानसभा चुनाव होने है और चार दिन बाद दीपावली है, इसको लेकर इन दिनों राजस्थान से गुजरात शराब तस्करी बढ़ गयी है। अब तक ज्यादातर हरियाणा मेड शराब गुजरात पहुंचती थी, लेकिन इन दिनों बड़ी मात्रा में राजस्थान की शराब भी गुजरात पहुंच रही है। इसी के चलते आबकारी विभाग ने भी निगरानी अभियान तेज कर दिया है।
आबकारी विभाग उदयपुर की टीम ने बेक टू बेक तीन कार्रवाइयां कर 3 वाहनों से अवैध अंग्रेजी शराब के 635 कार्टन बरामद किए हैं और 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह शराब उदयपुर से गुजरात पहुंचनी थी।
खासबात है कि अंग्रेजी शराब के इन कार्टन पर “फॉर सेल इन राजस्थान” लिखा था। मतलब पकड़ी गयी शराब राजस्थान की थी और किसी न किसी शराब के ठेके से बड़ी मात्रा में अवैध रूप से बेची गयी है। यह कार्रवाई अतिरिक्त आबकारी आयुक्त श्वेता फगेडिया के निर्देशन में सहायक आबकारी अधिकारी अजय जैन के नेतृत्व में आबकारी थाना खेरवाड़ा की टीम ने की नाकाबंदी कर की है।
पहली कार्रवाई
खेरवाड़ा टोल नाके के पास एक बोलेरो पिकअप से 134 कार्टन अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। वाहन चालक मुकेश पुत्र जैसा राम जाट निवासी सीकर और सह चालक नितेश पुत्र मक्खन लाल सैनी निवासी झुंझुनू को गिरफ्तार किया गया। ये उक्त शराब फर्जी बिल्टी के सहारे लोहार्गल से डूंगरपुर ले जा रहे थे।
दूसरी कार्रवाई
राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 8 पर बंजरिया मोड पर एक आयशर ट्रक में सब्जी भरने वाले प्लास्टिक के केरेट के नीचे छुपा कर 400 कार्टन अवैध शराब ले जा रहे थे, जिसे आबकारी विभाग ने पकड़ा। वाहन चालक प्रकाश पुत्र गोवर्धन रेबारी निवासी नाई उदयपुर को गिरफ्तार किया।
तीसरी कार्रवाई
खेरवाड़ा के निकट देवनारायण होटल के पास बोलेरो पिकअप से 100 कार्टन अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। वाहन चालक कुलदीप पुत्र बहादुर सिंह जाट निवासी झुंझुनू को गिरफ्तार किया गया। यह शराब होटल के पास किसी को सुपुर्द करनी थी, लेकिन इससे पहले ही आबकारी ने उसे पकड़ लिया।
ये कार्रवाइयां आबकारी थाना खेरवाड़ा के प्रहराधिकारी धोला राम बिश्नोई, खेरवाड़ा वृत्त की आबकारी निरीक्षक शकुंतला जैन, जमादार मांगीलाल व बंशीलाल सहित उदयपुर ग्रामीण व खेरवाड़ा आबकारी थाने का जाब्ता ने की।

