जयपुर/नई दिल्ली,(एआर लाइव न्यूज)। कांग्रेस अध्यक्ष का नाम मतदान पेटी में बंद हो गया है। सोमवार सुबह से कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए मतदान शुरू हुआ, जो शाम तक चला। इस बीच सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मनमोहन सिंह, राजस्थान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित कांग्रेस के 9500 दिग्गज नेताओं ने मतदान किया।
सभी राज्यों में मतदान के लिए पोलिंग बूथ बनाए गए थे। राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान ही कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए मतदान किया।
वोटिंग खत्म होने के बाद चुनाव प्रभारी मधुसूदन मिस्त्री ने बताया कि सभी राज्यों से 9500 डेलिगेट्स ने वोट डाले हैं। 18 अक्टूबर को मतदान पेटियां यहां लाई जाएंगी। 19 अक्टूबर को वोटों की गिनती होगी। इसी के साथ कांग्रेस अध्यक्ष के नाम की घोषणा होगी।
गौरतलब है कि अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर ने दावेदारी पेश की थी। हालां कि हाईकमान पहले दिन से ही खड़गे के पक्ष में दिखाई दिए हैं, ऐसे में मल्लिकार्जुन खड़गे का ही कांग्रेस अध्यक्ष बनने की संभावना जताई जा रही है। हालां कि अंतिम निर्णय की घोषणा 19 अक्टूबर को मतों की गणना के बाद ही होगी।

