पहले दिन स्थानीय प्रतिभाओं ने जमायी मेले की रंगत
उदयपुर(एआर लाइव न्यूज)। टाउनहॉल में नगर निगम के 15 दिवसीय दीपावली मेले का शनिवार शाम विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया ने उद्घाटन किया। कोरोना काल के चलते दो साल बाद यह मेला हो रहा हैं। मेले में 21 अक्टूबर तक सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। जबकि मेला 29 अक्टूबर तक चलेगा।
मेले में उद्घाटन अवसर पर पहले दिन 30 स्थानीय प्रतिभाओं ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दी। सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत नन्ही वीरा जैन की गणपति वंदना से हुई। निराश्रित बालिका गृह आक्षय संस्था के बच्चों नर महिसासुर मर्दिनी का मंचन किया और इस पर खूब तालियां बजी।
एंजल सुखवानी का क्लासिकल डांस के साथ ही रोहित, धर्मेन्द्र खटीक,एसडीएस स्टूडियो डांस ग्रुप, अंकित और शुभम ने बेहतर प्रस्तुतियां दी। उमंग और लेखा के रामायण मंचन, विष्णु जोशी का गरबा भी दर्शकों को खूब पसंद आया। कार्यक्रम के प्रारंभ में मास्टर बुलबुल बैंड द्वारा स्वागत धुन प्रस्तुत की गई।
रविवार को भी स्थानीय प्रतिभाओं को मिलेगा मंच
सांस्कृतिक समिति अध्यक्ष चंद्रकला बोल्या ने बताया कि रविवार को भी स्थानीय प्रतिभाओं का कार्यक्रम होगा। शनिवार को उद्घाटन समारोह में निम्बार्क पीठ अस्थल आश्रम के मेवाड़ महामण्डलेश्वर रासबिहारी शरण, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष शांतिलाल चपलोत, मेयर गोविंद सिंह टांक,डिप्टी मेयर पारस सिंघवी, कलेक्टर ताराचंद मीणा, एसपी विकास शर्मा व निगम आयुक्त हिम्मत सिंह बारहठ भी मौजूद थे।
150 से अधिक दुकानें, झूले लगे
टाउनहॉल में विभिन्न प्रकार के छोटे बड़े 20 झूले लगाए हैं। इसके साथ ही करीब 150 से अधिक दुकानें लगाई गई है, जिसमें खाने-पीने की सामग्री, कपड़े, मनिहारी व घरेलू उपयोग के सामान की बिक्री हो रही।

