- वेदान्ता ग्रुप के चेयरमेन अनिल अग्रवाल, आर्सेनल मित्तल के चेयरमेन एलएन मित्तल सहित 6 विभूतियां राजस्थान रत्न से सम्मानित
- राजस्थान में अडानी ग्रुप 60 हजार करोड़ रूपए का इनवेस्टमेंट करेगा
- समारोह में 76 औद्योगिक क्षेत्रों तथा इकाइयों का लोकार्पण व शिलान्यास
- प्रदेश में 10 लाख लोगों को रोजगार मिलने की संभावना: मुख्यमंत्री
जयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। इन्वेस्ट राजस्थान समिट-2022 की शुक्रवार से शुरूआत हुई। दो दिवसीय समिट के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार की निवेश हितैषी नीतियों से ही राज्य में बड़े पैमाने पर निवेश आ रहा है। उन्होंने कहा कि समिट से पूर्व ही निवेशकों के साथ राज्य सरकार द्वारा लगभग 11 लाख करोड़ रूपये के एमओयू कर लिए गए हैं। इसके जरिए लगभग 10 लाख लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।
उन्होंने कहा कि पहली बार ‘‘कमिटेड एण्ड डिलिवर्ड’’ की थीम पर प्राथमिकता के साथ एमओयू साईन किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने समिट में आए अडाणी ग्रुप के चेयरमेन गौतम अडाणी सहित अन्य उद्योगपतियों से मुलाकात की। गौतम अडाणी ने कहा कि अडाणी ग्रुप राज्य में विंड सोलर हाइब्रिड पावर प्लांट में भारी निवेश करने जा रहा है।
पेट्रोकेमिकल्स के क्षेत्र में राज्य में अपार संभावनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज राजस्थान निवेशकों के लिए श्रेष्ठ विकल्प बनकर उभरा है। सौर ऊर्जा और पवन ऊर्जा के उत्पादन में राज्य पूरे देश में अग्रणी है। खनिज सम्पदा भी राज्य में सर्वाधिक है। प्राकृतिक संसाधनों में साथ-साथ उत्कृष्ट मानव संसाधन भी राज्य में विद्यमान है। रिफाइनरी के निर्माण से पेट्रोकेमिकल्स के क्षेत्र में राज्य में अपार संभावनाएं हैं। मुख्यमंत्री ने समिट में प्रदेश के विभिन्न जिलों में 25 औद्योगिक क्षेत्रों का लोकार्पण किया। साथ ही उन्होंने 18 औद्योगिक इकाईयों का लोकार्पण व 33 औद्योगिक इकाईयों का शिलाल्यास भी किया।
प्रदेश की 6 विभूतियों को राजस्थान रत्न से किया सम्मानित
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में अपने उत्कृष्ट व असाधारण कार्यों से देश विदेश में राजस्थान को गौरवान्वित करने वाली 6 विभूतियों को राजस्थान रत्न सम्मान से सम्मानित किया। इन सभी को प्रशस्ति पत्र, शॉल, मोमेन्टो व 1 लाख रूपए की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया गया।
न्याय के क्षेत्र से अन्तर्राष्ट्रीय न्यायालय में नियुक्त न्यायधीश दलवीर भंडारी, भारत के पूर्व मुख्य न्यायधीश आरएम लोढ़ा, उद्योग के क्षेत्र से वेदान्ता ग्रुप के चेयरमेन अनिल अग्रवाल, आर्सेनल मित्तल के चेयरमेन एलएन मित्तल तथा कला के क्षेत्र में निर्माता केसी मालू व प्रसिद्ध उर्दू शायर शीन काफ निजाम को ‘राजस्थान रत्न’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
उद्योगपतियों ने बताए प्रदेश में निवेश के फ्यूचर प्लान
गौतम अडाणी ने कहा कि अडाणी ग्रुप राज्य में विंड सोलर हाइब्रिड पावर प्लांट में भारी निवेश करने जा रहा है। 60 हजार करोड़ रुपए के इन्वेस्टमेंट के साथ ही अडानी ग्रुप दो जिलों में मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल खोलने और उदयपुर में क्रिकेट स्टेडियम बनाने की घोषणा की।
टोरेन्ट ग्रुप के चेयरमेन सुधीर मेहता ने कहा कि टोरेन्ट ग्रुप ग्रीन हाइड्रोजन के क्षेत्र में निवेश करने व संबंधित उत्पादों को तैयार करने में आगे बढ़कर काम करेगा। इसके अलावा उन्होंने जयपुर में वर्ल्ड क्लास क्रिकेट एक्सीलेंस एकेडमी खोलने की घोषणा की है।
टाटा पावर के प्रवीर सिन्हा ने कहा कि राजस्थान में टाटा पावर कंपनी अगले 5 सालों में 25 हजार करोड़ रुपए का इन्वेस्टमेंट करेगी। इसके तहत 10 हजार मेगावाट के रिन्यूएबल एनर्जी प्रोजेक्ट्स, 1000 मेगावाट के रूफ टॉप सोलर और 1 लाख 50 हजार सोलर पम्प लगाए जाएंगे। टाटा पावर कंपनी फिलहाल राजस्थान के 40 शहरों में रूफ टॉप सोलर क्षेत्र में काम कर रही है।
राजस्थान में निवेश पर उद्योगपतियों ने व्यक्त किए विचार
वेदान्ता ग्रुप के चेयरमेन अनिल अग्रवाल ने कहा कि प्राकृतिक एवं मानव संसाधनों में राजस्थान अग्रणी राज्य है। तेल के क्षेत्र में भी राज्य में अपार संभावनाएं हैं। खनन उद्योग भी यहां पर काफी विकसित है।
डीएसएम श्रीराम के चेयरमेन अजय एस श्रीराम ने कहा कि राजस्थान में औद्योगिक वातावरण निवेश के लिए शानदार है। फ्रेट कॉरिडोर व दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस-वे के माध्यम से राजस्थान सड़क मार्ग से देश के मुख्य बाजारों से जुड़ा हुआ है।
महिंद्रा एण्ड महिंद्रा लिमिटेड के अनीश शाह ने कहा कि राजस्थान उद्यमियों व सरकार के बीच समन्वय का एक आदर्श उदाहरण है। इसीलिए निवेशकों के आकर्षण का केन्द्र बना हुआ है। उन्होंने कहा कि महिंद्रा एण्ड महिंद्रा लिमिटेड ने सरकार के साथ मिलकर अभय कमाण्ड सेन्टर जैसे नवाचारों में योगदान दिया है।
आर्सेलर मित्तल के प्रवर दास ने कहा कि अर्थव्यवस्था के बदलते आयामों में नए प्रकार के प्रशिक्षण की आवश्यकता होती है। राज्य सरकार द्वारा उत्तम शिक्षण संस्थान स्थापित कर उद्योगों हेतु अच्छा मानव संसाधन उपलब्ध करवाया जा रहा है।
बिरला ग्रुप के चेयरमेन सीके बिरला ने कहा कि राज्य सरकार के प्रयासों से राजस्थान निवेशकों के लिए उत्तम राज्य बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में बिरला ग्रुप के द्वारा जल्द ही बड़े सीमेंट प्लांट की स्थापना की जाएगी।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी, शिक्षा मंत्री डॉ. बीडी कल्ला, खाद्य आपूर्ति मंत्री श्री प्रतापसिंह खाचरियावास, राजस्थान लघु उद्योग विकास निगम के चेयरमेन राजीव अरोड़ा, मुख्य सचिव उषा शर्मा, आर्थिक सलाहकार अरविंद मायाराम, रीको चेयरमेन कुलदीप रांका, सीआईआई के महानिदेशक चन्द्राजीत बनर्जी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, देश-विदेश के 3000 डेलिगेट व विभागाधिकारी उपस्थित थे।

