Site iconSite icon AR Live News

केरल के पलक्कड़ में बस दुर्घटना में 5 स्कूली छात्रों समेत 9 लोगों की मौत 38 घायल

केरल (एआर लाइव न्यूज)। राज्य के पलक्कड़ जिले के वडक्कनचेरी में बुधवार रात करीब साढ़े 11 बजे बड़ा सड़क हादसा हो गया। केरल राज्य सड़क परिवहन निगम (केएसआरटीसी) की बस और एक निजी टूरिस्ट बस के टकरा जाने से 9 लोगों की मौत हो गई और 38 लोग घायल हो गए। केरल हाई कोर्ट ने स्वत संज्ञान लेते हुए गुरुवार को पलक्कड़ बस दुर्घटना के संबंध में पुलिस और मोटर वाहन विभाग (MVD) से जांच रिपोर्ट मांगी।

ओवरटेक करते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार पर्यटक बस एर्नाकुलम जिले में बसेलियोस विद्यानिकेतन के छात्रों और शिक्षकों को लेकर ऊटी जा रही थी। जबकि केएसआरटीसी की बस कोयंबटूर की ओर जा रही थी। इसी दौरान बुधवार रात करीब साढ़े 11 बजे पर्यटक बस ने ओवरटेक करते हुए केएसआरटीसी के बस को पीछे से तेज टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे में 5 स्कूली छात्रों समेत 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 38 लोग घायल हो गए।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ट्वीट करते हुए केरल के पलक्कड़ जिले में हुई दुर्घटना में लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने पीएमएनआरएफ से प्रत्येक मृतक के परिजन को 2 लाख रुपये और प्रत्येक घायल व्यक्ति को 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।

Exit mobile version