Site iconSite icon AR Live News

विजय दशमी : गांधी ग्राउंड में बुधवार को होगा रावण, कुंभकरण व मेघनाथ के पुतलों का दहन

vijay dashmi at gandhi ground udaipurvijay dashmi at gandhi ground udaipur

सनातन धर्म मंदिर से निकलेगी भगवान राम की शोभायात्रा

उदयपुर(एआर लाइव न्यूज)। विजय दशमी पर्व बुधवार को मनाया जाएगा। उदयपुर में मुख्य कार्यक्रम गांधी ग्राउंड में होगा। यहां रावण, कुंभकरण व मेघनाथ के पुतलों का दहन होगा।

श्री बिलोचिस्तान पंचायत व श्री सनातन धर्म सेवा समिति के संयुक्त तत्वाधान में होने वाले पुतला दहन कार्यक्रम से पहले बुधवार सुबह शक्ति नगर स्थित सनातन धर्म मंदिर में नवशिशुओं का बाल मुंडन होगा। संयोजक हेमंत गखरेजा ने बताया कि दोपहर 3.30 बजे सनातन धर्म मंदिर से भगवान राम की शोभायात्रा निकलेगी। शोभायात्रा शाम 6 बजे गांधी ग्राउंड पहुंचेगी। संत कुमार जी व शैलेश कुमार ब्रिजवानी गुरु जी द्वारा विजय तिलक होगा और आतिशबाजी के बीच लंका दहन और शाम 7.15 बजे रावण, कुंभकरण व मेघनाथ के पुतलों का दहन होगा।

गांधी ग्राउंड में दो साल बाद आयोजन, 70 फीट ऊंचा है रावण का पुतला

श्री बिलोचिस्तान पंचायत के अध्यक्ष नानकराम कस्तूरी ने बताया कि इस बार गांधी ग्राउंड में रावण का पुतला 70 फीट ऊंचा जबकि मेघनाथ व कुंभकरण के पुतले 65 फीट ऊंचे होंगे। करीब 100 फीट लंबी सोने की लंका भी बनाई जा रही हैं। मथुरा से आई शाकिर अली की टीम ने पुतले बनाए हैं।

इस बार 74 वां विजय दशमी महोत्सव

आयोजन समिति के जितेंद्र कालरा ने बताया कि कोरोना काल के चलते गांधी ग्राउंड में दो साल बाद विजयादशमी पर पुतला दहन हो रहा हैं। कोरोना काल के चलते दो साल सनातन मंदिर के पास सांकेतिक रूप से 15 फीट ऊंचे पुतले का दहन किया गया। इस बार 74 वां विजय दशमी महोत्सव होगा। सचिव नरेंद्र कथूरिया व सह संयोजक मनोज कटारिया सहित सिंधी समाज के कई लोग सुबह से इस कार्यक्रम की तैयारी में लगे रहे।

Exit mobile version