नई दिल्ली,(एआर लाइव न्यूज)। जनरल अनिल चौहान ने शुक्रवार को चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ सीडीएस का पदभार ग्रहण कर लिया है। देश के पहले सीडीएस जनरल बिपिन रावत के निधन के बाद जनरल अनिल चौहान देश के नए सीडीएस हैं।
इस अवसर पर जनरल चौहान ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि सीडीएस के रूप में नामित होना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि मैं सीडीएस के रूप में तीनों रक्षा बलों से उम्मीदों को पूरा करने की कोशिश करूंगा। सभी चुनौतियों और कठिनाइयों से निपटा जाएगा।
सीडीएस का कार्यभार संभालने से पहले जनरल चौहान ने इंडिया गेट परिसर में राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर भारत के शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। उन्हें रायसीना हिल्स में साउथ ब्लॉक के लॉन में तीनों रक्षा बलों की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।
सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे और वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी, नौसेना के वाइस चीफ वाइस एडमिरल एसएन घोरमडे और एयर मार्शल बीआर कृष्णा भी वहां मौजूद थे। यह पहली बार है जब किसी थ्री.स्टार अधिकारी को रिटायरमेंट से वापस फोर.स्टार रैंक पर लाया गया है।

