7 दिन होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम : तैयारी को लेकर सम्पन्न हुई सांस्कृतिक समिति की बैठक
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। नगर निगम उदयपुर की सांस्कृतिक समिति की बैठक निगम कार्यालय में सोमवार को हुई। जिसमें तय हुआ कि नगर निगम का दीपावली मेला इस साल 15 अक्टूबर से शुरू होगा और यह 15 दिन के लिए लगाया जाएगा।
सांस्कृतिक समिति अध्यक्ष चंद्रकला बोल्या ने बताया कि नगर निगम प्रांगण में दीपावली मेला इस वर्ष भी 15 दिवसीय होगा। मेला 15 अक्टूबर से शुरू होकर 29 अक्टूबर तक चलेगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम 15 अक्टूबर से शुरू होकर 21 अक्टूबर तक संपूर्ण किए जाएंगे। उसके बाद मेले में दुकानें और झूले 29 अक्टूबर तक लगे रहेंगे। बैठक में समित सदस्य अरविंद जारौली, करणमल जारौली, सोनिका जैन, नेहा कुमावत, माधुरी राठौड़ दीपिका चौधरी आदि उपस्थित रहे।
प्रथम दो दिन स्थानीय प्रतिभाओं को मौका मिलेगा
सांस्कृतिक कार्यक्रम में लाफ्टर नाइट, कवि सम्मेलन व सिंगर नाइट रहेंगे आकर्षण का केन्द्र
मेले में सात दिवसीय रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम होगे। पहले 2 दिन उदयपुर की उभरती हुई प्रतिभाओं को मंच दिया जाएगा। इसके बाद अन्य 5 दिनों में लाफ्टर नाइट, डांस, कवि सम्मेलन, सिंगर नाइट एवं रासलीला कार्यक्रम होंगे। यह सभी कार्यक्रम नगर निगम प्रांगण में ही रात्रि को आयोजित किए जाएंगे।
कलाकारों के लिए आमंत्रित होगी निविदा
नगर निगम दशहरा दीपावली मेला में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए जल्द ही कलाकारों के लिए निविदा आमंत्रित की जाएगी। उसके बाद महापौर गोविंद सिंह टाक, आयुक्त हिम्मत सिंह बारहठ एवं उप महापौर पारस सिंघवी के साथ चर्चा कर अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

