जयपुर(एआर लाइव न्यूज)। राजस्थान विधानसभा सत्र के पहले ही दिन सोमवार को खूब हंगामा हुआ। भाजपा विधायक विधानसभा अध्यक्ष डॉ.सीपी जोशी के कक्ष में जाकर धरने पर भी बैठे। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया भी शामिल थे।
सत्र के पहले दिन की कार्यवाही शुरू होने पर विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया ने बिना सत्रावसान किए विधान सभा सत्र बुलाने पर आक्रोश जताया। कटारिया ने कहा कि बिना सत्रावसान किए विधानसभा सत्र बुलाकर हमारे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन कर दिया। जनता की समस्या को यहां तक पहुंचा सके यह विधानसभा होती ही इसलिए है। हमने मार्च में सवाल लगाए उनका कोटा पूरा हो गया वो विधायक सवाल नहीं लगा पा रहे है। विधानसभा अध्यक्ष ने माहौल शांत करने का काफी प्रयास किया, लेकिन भाजपा विधायक नहीं माने। हंगामा बढ़ता देख विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही मंगलवार सुबह 11 बजे तक स्थगित कर दी।
कांग्रेस बोली : अमित शाह जो टॉस्क देकर गए उस पर काम कर रहे ये लोग
भाजपा विधायकों के सदन में हंगामा करने पर कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा ने विधानसभा के बाहर मीडिया से बातचित में कहा कि आज विधानसभा में भाजपा विधायकों का जो रोल था वह शर्मनाक था। विधानसभा के नियम और प्रक्रिया की धज्जियां उठाई गई। डोटासरा ने कहा कि गोमाता मेंं लम्पी बीमारी फैल रही उसकी बात सदन में उठाते तो अच्छा रहता, लेकिन इनको तो अमित शाह जो टॉस्क देकर गए उस पर ये काम कर रहे है।
डोटासरा ने कहा कि ये खूद ही लोकतंत्र और सविधान की धज्जियां उठा रहे और खूद ही भाषण दिए जा रहे। चार साल तक ये जनता का कोई मुद्दा नहीं उठा पाए। मंगलवार को विधानसभा में सबसे पहले लम्पी पर चर्चा होनी चाहिए उससे ये लोग बेनकाब हो जाएंगे और केंद्र सरकार बेनकाब हो जाएगी। आखिर केंद्र सरकार लम्पी बीमारी को राष्ट्रीय आपदा घोषित क्यों नहीं कर रही।

