जयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। आयकर विभाग की टीम ने बुधवार को राज्यमंत्री राजेन्द्र यादव घर, उनके बेटों की फैक्ट्री सहित उनके 53 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी की है। आयकर की 30 से 40 टीमें भारी पुलिस जाब्ते और सीआरपीएफ के जवानों के साथ सुबह-सुबह ही कोटपुतली स्थित राजस्थान फेक्सिबल पैकिंग फैक्ट्री, राणावत ग्रुप के ठिकानों पर छापे मारे।
पूरा मामला मिड डे मील की सप्लाई में गड़बड़ी, पॉलिटिकल फंडिंग और टैक्स चोरी से संबंधित बताया जा रहा है। आयकर अधिकारियों ने इस कार्रवाई में बड़ा खुलासा होने की संभावना जताई है।
जानकारी के अनुसार राजस्थान फेक्सिबल पैकिंग फैक्ट्री कंपनी के प्रबंधक मधुर यादव और राकेश यादव हैं, इनमें मधुर यादव राज्यमंत्री राजेंद्र सिंह यादव के पुत्र हैं। इस कार्रवाई के बाद कांग्रेसी नेताओं में हलचल मची हुई है। जानकारी के अनुसार आयकर विभाग की टीमों ने घर, ऑफिस, फैक्ट्री सहित अन्य ठिकानों से अहम दस्तावेज जब्त किए हैं।
बिजनेस करना कोई अपराध नहीं है – राजेंद्र यादव
प्रदेश के गृह राज्य मंत्री राजेंद्र यादव ने आयकर विभाग की इस कार्रवाई को लेकर कहा है कि न तो मेरा मिड डे मील का कोई काम है और न ही पॉलिटिकल फंडिंग से कोई लेना-देना है। अगर राजनीतिक दुर्भाव से यह कार्रवाई हुई है, तो उसका हम मुकाबला करेंगे। मेरा मेरे समर्थकों और पार्टी के लोगों से अपील है कि कोई कानून हाथ में नहीं ले, क्योंकि हम लोग सच्चाई के साथ अपना काम करते हैं और बिजनेस करना कोई अपराध नहीं है।

