जलझूलनी एकादशी पर कुंड किनारे परिक्रमा स्थल पर खड़े होकर जल मनोरथ देख रही थीं महिलाएं
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। शहर के धानमंडी थाना क्षेत्र स्थित बाईजी राज कुंड मंदिर में आज मंगलवार शाम को जलझूलनी एकादशी के अवसर पर कुंड किनारे मंदिर के जर्जर परिक्रमा स्थल पर खड़े होकर कुछ महिलाएं मनोरथ देख रहीं थीं। इस दौरान जर्जर परिक्रमा स्थल का एक हिस्सा भरभरा कर कुंड में गिर गया, जिससे वहां खड़ी 7 महिलाएं करीब 70 फीट गहरे कुंड में गिर गयी।
मौके पर पहुंचे कलेक्टर ताराचंद मीणा ने बताया कि हादसे में 2 महिलाओं की डूबने से मौत हो गयी, वहीं 5 महिलाओं को वहां मौजूद लोगों की मदद से रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। मौके पर पहुंचे डिप्टी मेयर पारस सिंघवी ने बताया कि हादसे में धानमंडी निवासी सज्जन कुंवर और विमला मंत्री दो महिलाओं की मौत हुई है, वहीं अन्य महिलाओं को रेस्क्यू कर कुंड से निकाल लिया गया है।
हादसे की सूचना पर पुलिस अधिकारी मय जाब्ता मौके पर पहुंचे, पानी में गिरी महिलाओं को रेस्क्यू करने के बाद हॉस्पिटल पहुंचाया गया। वहीं कुंड में डूबीं दोनों महिलाओं के शव सिविल डिफेंस की टीम और स्थानीय गोताखोर छोटू हेला की मदद से बाहर निकाले जा सके।
जर्जर परिक्रमा स्थल पर प्रवेश बंद था, फिर भी वहां पहुंच गयी महिलाएं
जानकारी के अनुसार कुंड के किनारे मंदिर का परिक्रमा स्थल जर्जर हो चुका था, जिससे वहां लोगों का प्रवेश बंद किया हुआ था। लेकिन मनोरथ देखने के लिए कुछ महिलाएं परिक्रमा स्थल पर पहुंच गयी। जर्जर परिक्रमा स्थल पर अत्यधिक भार पड़ने से वह टूट कर कुंड में गिर गया, जिससे वहां खड़ी महिलाएं भी कुंड में गिर गयीं।

