Site iconSite icon AR Live News

श्रीसांवलियाजी के तीन दिवसीय जलझूलनी एकादशी मेले का शुभारंभ

चित्तौड़गढ़ (एआर लाइव न्यूज)। जिले में श्रीकृष्णधाम श्री सांवलियाजी मंदिर में भगवान सांवलिया सेठ का विशाल तीन दिवसीय जलझूलनी एकादशी मेला सोमवार को शुरू हुआ। मेले के पहले दिन सांवलियाजी के बाल स्वरूप की पूजा के बाद लकड़ी के रथ में विराजित कर बैंड बाजों के साथ शोभायात्रा निकाली गई। इससे पहले उद्घाटन के अवसर पर बटुकों के वैदिक मंत्रोच्चारण, रंग पृष्ठ, उदयपुर की ओर से प्रस्तुत मधुराष्टकम नृत्य नाटिका और जबलपुर के ब्रास बैण्ड की भक्तिमय प्रस्तुति दी गई।

जल में झूलेंगे भगवान

मंदिर मंडल अध्यक्ष भैरूलाल गुर्जर ने बताया कि मंगलवार को राजभोग की आरती के बाद भगवान के बाल स्वरूप की पूजा कर चांदी के रथ में विराजित किया जाएगा। भगवान श्रीसांवलिया जी के स्नान घाट पहुंचकर जल में झूलने के बाद महाआरती होगी।

कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील

अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) एवं श्रीसांवलिया जी मंदिर मंडल के मुख्य कार्यपालक अधिकारी गितेश मालवीय ने बताया कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के पेयजल, आवास, चिकित्सा, पार्किंग और यातायात के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। उन्होंने समस्त श्रद्धालुओं से मेले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग प्रदान करने की अपील हैं। यदि किसी भी व्यक्ति के द्वारा कानून-व्यवस्था भंग करने का प्रयास किया जाता है, तो उस पर तुरन्त प्रभाव से कानूनी कार्यवाही की जाएगी।

महाप्रसाद के डेढ़ लाख पैकेट बांटेंगे

भगवान श्री सॉवलियाजी सेठ के दरबार में श्रद्धालुओं के लिए मंदिर मण्डल की ओर से निशुल्क महाप्रसाद की व्यवस्था की गई है। महाप्रसाद की व्यवस्था 6 सितम्बर को प्रातः 10 बजे से दोपहर 3 बजे एवं सांय 5 बजे से रात्रि 12 बजे तक रहेगी। लगभग 1.50 लाख महाप्रसाद के पैकेट वितरण की व्यवस्था की गई है।

भगवान की रथयात्रा पर होगी हैलिकॉप्टर से पुष्प वर्षा

शोभयात्रा से पूर्व कुछ समय के लिए भक्तों के लिए भगवान के दर्शन बंद कर दिए जायेंगे। इसके बाद भगवान श्री सांवलियाजी के बालस्वरूप के श्रीविग्रह को पुजारियों द्वारा परम्परानुसार रथ में विराजित किया जाएगा। मण्डफिया के ग्रामीणों को पास के जरिए मंदिर में प्रवेश दिया जाएगा। मंदिर के अन्दर एवं सम्पूर्ण शोभायात्रा के दौरान गुलाब-पुष्पों की वर्षा हेलीकॉप्टर के द्वारा की जाएगी।

मुख्य कार्यक्रम

जलझूलनी एकादशी के मौके पर मंगलवार, 6 सितम्बर को मण्डफिया बाइपास परिसर मंच पर रात्रि 9 बजे से गुजरात की भजन गायिका गीता रेबारी की टीम और भजन गायक प्रकाश माली एवं टीम द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। मण्डफिया स्थित सुदामा रंगमंच, मीरा रंगमंच एवं गोवर्धन रंगमंच पर भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। 7 सितम्बर को मेल के समापन पर दिव्यांगों को इलेक्ट्रिक स्कूटियों का वितरण, मंदिर परिक्षेत्र के 16 गांवों के प्रतिभावान छात्रों का सम्मान, उदयपुर के कलाकार कमलेश पटेल का हाथों पर नृत्य, कपिल शर्मा शो के कार्ड थ्रो आर्टिस्ट सन्नी पुरोहित, राजस्थानी नृत्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।

Exit mobile version