नई दिल्ली (एआर लाइव न्यूज)। दिल्ली पुलिस स्पेशल टीम ने अंतरराज्यीय ड्रग रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 21 करोड़ रुपये की 4.2 किलोग्राम हेरोइन जब्त की है।
तस्करों के मध्य प्रदेश से सम्बन्ध
स्पेशल सेल के डीसीपी जसमीत सिंह ने बताया कि मध्य प्रदेश, राजस्थान, यूपी, पंजाब, दिल्ली-एनसीआर राज्यों में अंतरराज्यीय ड्रग रैकेट के सक्रिय होने की सूचना मिलने पर एसीपी अत्तर सिंह, इंस्पेक्टर संजीव कुमार और रंजीत सिंह ने पुलिस की एक टीम बनाई गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मध्य प्रदेश के आरोपी त्रिलोक चंद और लाल चंद को आईएसबीटी सराय काले खां से हेरोइन की तस्करी करते हुए गिरफ्तार कर लिया।। दोनों कई सालों से दिल्ली-एनसीआर और आसपास के अन्य राज्यों में हेरोइन की आपूर्ति कर रहे थे।
दिल्ली में दो सालों में 100 किग्रा से अधिक हेरोइन की तस्करी की
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि त्रिलोक चंद ड्रग्स रैकेट का मुखिया है। वे एमपी से खरीदकर दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, पंजाब, यूपी में ड्रग्स की तस्करी करते थे। दिल्ली में पिछले दो सालों में करीब 100 किलोग्राम से अधिक हेरोइन की आपूर्ति कर चुके हैं।

