उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर में आलीशान-आर न्यूज नाम से चल रहे एक यू-ट्यूब चैनल के संपादक मोहम्मद नफीस और रिपोर्टर शहजाद खान, मोहम्मद यासर के खिलाफ अंबामाता थाने में एक्सटॉर्शन के लिए धमकाने का मामला दर्ज हुआ है। इन आरोपियों ने शहर के एक प्रतिष्ठित डॉक्टर को झूठी खबर चलाने का डर दिखाकर अवैध वसूली के लिए धमकाया।
ऐसे लोगों से तंग आकर डॉक्टर ने इनकी न सिर्फ रिकॉर्डिंग की, बल्कि पुलिस को सारे सबूत सौंपकर इनके खिलाफ आईपीसी की धारा 384 के तहत एफआईआर भी दर्ज करवा दी है।
पुलिस ने बताया कि शहर के प्रतिष्ठित डॉक्टर सालेह मोहम्मद कागजी ने “आलीशान-आर-न्यूज” नाम से चल रहे एक यू-ट्यूब चैनल के संपादक मोहम्मद नफीस, रिपोर्टर शहजाद खान, मोहम्मद यासर के खिलाफ आईपीसी की धारा 384 के तहत मामला दर्ज करवाया है।
आरोप है कि आरोपियों ने डॉक्टर के खिलाफ उनके परिवार से संबंधित एक झूठी खबर “आलीशान आर न्यूज” यू-ट्यूब चैनल पर चलाई, फिर इस झूठी खबर को हटाने के नाम पर डॉक्टर से धनराशि की डिमांड की और बार-बार डॉक्टर को फोन कर परेशान करने लगे। डॉक्टर ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने यू-ट्यूब चैनल पर असत्य और मिथ्या खबर चलाकर उनकी समाज में छवि खराब की और फिर खबर को चैनल से हटाने के नाम पर अवैध वसूली के लिए धमकाया।

