उदयपुर(एआर लाइव न्यूज़)। भुवाणा चौराहा से प्रतापनगर चौराहा तक (NH-8) मौजूदा फोर लेन रोड को सिक्स लेन करने 42.73 करोड़ की डीपीआर को मंजूरी मिल गई है। अब यूआईटी टेंडर प्रक्रिया पूरी कर इस प्रोजेक्ट का काम शुरू कर सकेगी। यह काम मुख्यमंत्री की बजट घोषणा में शामिल है।
यातायात के अत्याधिक दवाब को देखते हुए इस 4 लेन सड़क का सुदृढीकरण सड़क की चौड़ाई बढ़ाते हुए 4 लेन से 6 लेन किया जायेगा। सड़क के मध्य प्लान्टेशन हेतु प्रिकास्ट प्लान्टर का प्रावधान लिया गया है। सड़क के दोनों और नाली निर्माण कार्य किया जायेगा। मुख्य मार्ग के दोनों ओर वृक्षारोपण व रोड़ फर्निचर का कार्य भी किया जायेगा।
दो अंडर पास भी बनेंगे
न्यू आरटीओ के पास एक अण्डरपास बनेगा। इसी रोड पर शोभागपुरा 100 फीट रोड जंक्शन पर एक लाईट व्हीकल अण्डरपास का निर्माण भी किया जायेगा। इससे लोगों को रोड क्रॉस करने में सुविधा रहेगीं। ट्रैफिक दबाव के चलते रोड क्रॉस करते समय हादसे की संभावना भी नहीं रहेगी। इससे खेल गांव जाने वाले खिलाड़ियों व खेल प्रेमियों को भी रोड क्रॉस करने में सुविधा रहेगी।
क्षेत्रीय कॉलोनियों के लोगों को भी होगा फायदा
यूआईटी सचिव बालमुकुंद असावा ने बताया किइस सड़क के किनारे चित्रकूट नगर श्याम नगर, मीरा नगर के साथ ही राजस्व ग्राम भुवाणा, रघुनाथपुरा, शोभागपुरा भी स्थित है। खेल गांव भी इसी क्षेत्र में है। ऐसे में रोड चौड़ा होने लोगो को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी। अहमदाबाद, गुजरात की तरफ से आने वाले कई पर्यटकों इसी रोड से नाथद्वारा जाते है उनको भी सुविधा रहेगी। उदयपुर में समय समय पर आने वाले वीआईपी के लिए भी इसी रूट को काम में लिया जाता है।
21 अक्टूबर तक वर्क आर्डर का लक्ष्य
यूआईटी सचिव बालमुकुंद असावा ने बताया कि यातायात सुगमता के लिए भुवाणा चौराहा से प्रतापनगर चौराहा तक 4 लेन सड़क की 5. 50 किलोमीटर लम्बाई में सुदृढीकरण एवं विस्तारीकरण कार्य के लिए 42.73 करोड़ के टेंडर की प्रक्रिया के तहत तकनीकी बिड आगामी 28 सितंबर को खोली जाएगी और 21 अक्टूबर तक तक कार्यादेश जारी कर दिया जायेगा। वर्क ऑर्डर जारी होने के बाद ठेकेदार को कम पूरा करने15 माह का समय दिया जाएगा।

