मुख्यमंत्री ने भीम की लगेतखेड़ा पंचायत में की घोषणा
नरेंद्र सिंह खंगारोत, राजसमंद(एआर लाइव न्यूज़)। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राज्य में राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेलों के जरिए सामाजिक समरसता का माहौल बना है। खिलाड़ियों को खेल मैदान में जो टीम भावना सीखने को मिल रही है, वहीं सीख उनके भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। प्रदेश में अब शहरी ओलंपिक खेलों का भी जल्द आगाज होगा।
मुख्यमंत्री बुधवार को राजसमंद जिले के उपखंड भीम की ग्राम पंचायत लगेतखेड़ा में राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेल के अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को मौका देकर उन्हें राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धाओं के लिए तैयार किया जा सकेगा।
स्वास्थ्य सेवाओं पर है हमारा फोकस
सीएम गहलोत ने कहा कि युवाओं, किसानों, बुजुर्गों सहित हर वर्ग को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की गई है। स्वास्थ्य सेवाओं पर हमारा खास ध्यान हैं। मुख्यमंत्री ने बाबा रामदेव मंदिर में दर्शन करने के बाद मैदान में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
सीएम के साथ सेल्फी लेने की होड़ लग गई
समारोह स्थल पर सीएम गहलोत बच्चों और ग्रामीणों से आत्मीयता से मिले। इस दौरान सीएम के साथ सेल्फी लेने को स्कूली बच्चों में होड़ लगी रही। समारोह में जिला प्रभारी मंत्री और सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना, आयुर्वेद राज्य मंत्री डॉ. सुभाष गर्ग,मगरा बोर्ड के अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह,भीम विधायक सुदर्शन सिंह रावत सहित कई जनप्रतिनिधी और खेल प्रेमी मौजूद थे।

