Site iconSite icon AR Live News

अस्पताल में भर्ती नवजात को जानवर ने बनाया निवाला

infant killed by animal in hospital in gonda uttar pradeshinfant killed by animal in hospital in gonda uttar pradesh

डीएम और सीएमओ ने जांच के लिए गठित की दो अलग-अलग टीमें

गोंडा,(एआर लाइव न्यूज)। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में एक सरकारी अस्पताल में बीती रात जन्मे नवजात शिशु को किसी जानवर द्वारा निवाला बनाए जाने की खबर है। पीड़ित की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा करवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस बीच जिलाधिकारी व मुख्य चिकित्सा अधिकारी की तरफ से दो अलग-अलग जांच समितियों का गठन करके पूरे प्रकरण पर आज ही रिपोर्ट तलब की गई है। ?

जानकारी के अनुसार, जिले के धानेपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बछईपुर निवासी सिराज अहमद की पत्नी सायरा बानो को प्रसव पीड़ा के कारण शनिवार की देर रात करीब 10 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मुजेहना में भर्ती कराया गया था। मामले की जानकारी मिलने पर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पीड़ित परिवार को 50000 रूपए आर्थिक सहायता दी है।

ऑक्सीजन वार्ड में भर्ती बच्चे के शव की स्थिति देख पता चला जानवर ने बनाया निवाला

रविवार तड़के करीब तीन बजे महिला ने एक बच्चे को जन्म दिया था, जिसकी सांसें न के बराबर चल रही थीं। इस बीच ड्यूटी पर मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों ने नवजात शिशु को आक्सीजन पर रखने की बात कहते हुए दूसरे वार्ड में शिफ्ट कर दिया और परिजनों को वहां से बाहर कर दिया।

सुबह स्वास्थ्य कर्मियों ने परिजनों को बताया कि नवजात की मौत हो गई है। परिजनों ने जब शिशु को देखा तब पता चला कि उसे किसी जानवर ने क्षतिग्रस्त कर डाला है। उन्होंने तत्काल घटना के बारे में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को जानकारी देते हुए स्थानीय पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

प्रभारी निरीक्षक संजय गुप्ता ने बताया कि महिला के भाई हारून पुत्र इस्लाम निवासी बछईपुर थाना धानेपुर ने रात्रि ड्यूटी पर तैनात अस्पताल कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। प्रकरण में विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने शव का पंचनामा करवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।

Exit mobile version