बडग़ांव में प्रभारी मंत्री रामलाल जाट ने बढ़ाया खिलाडिय़ों का हौसला
उदयपुर(एआर लाइव न्यूज)। ग्रामीण स्तर पर खेलों के महाकुंभ राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेल का सोमवार को उदयपुर जिले की 652 ग्राम पंचायतों में शुभारंभ हुआ। यह प्रयास कहीं न कहीं ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को आगे लाने का सशक्त माध्यम साबित होगा।
प्रभारी मंत्री रामलाल जाट ने शहर से सटे बडग़ांव में महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में ग्रामीण ओलंपिक खेलों का जिला स्तरीय शुभारंभ किया। प्रभारी मंत्री ने खिलाडिय़ों के मार्च पास्ट की सलामी ली और राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक प्रतियोगिता के शुभारंभ की घोषणा की। प्रभारी मंत्री ने खेलेगा राजस्थान, जीतेगा राजस्थान और खेलेगा उदयपुर, जीतेगा उदयपुर का नारा भी दिया हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंति पर शुरू हुइ इस खेल महाकुंभ में खिलाडिय़ों में जोश और उत्साह नजर आया।
शुभारंभ समारोह के पश्चात शारीरिक शिक्षक लता गहलोत, स्नेहलता सांखला, अमृत शर्मा,रामगोपाल चौबीसा, गजेन्द्र मोहन चौबीसा, करण सिंह सोलकी, दलपत सिंह गहलोत, देव कुंवर सोनी, विक्रम सिंह व हेमा सोनी ने प्रतियोगिताएं संपन्न करवाई। बडग़ांव प्रधान प्रतिभा नागदा, बडग़ांव सरपंच संजय शर्मा और पंचायत समिति सदस्य भुवनेश व्यास, पूर्व सरपंच जमनालाल शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और खिलाड़ी मौजूद थे।
उदयपुर ने लिंबाराम जैसे खिलाड़ी भी दिए है : कलेक्टर
कलेक्टर तारांचद मीणा ने खिलाडिय़ों को अनुशासन के साथ और खेल भावना से खेलने की शपथ दिलाई। कलेक्टर ने कहा कि उदयपुर हमेशा खेलों में अग्रणी रहा है और यहां लिम्बाराम जैसे खिलाड़ी भी तैयार हुए है। ऐसे में यहां ओलंपिक खेल में भाग लेने वाले खिलाड़ी भी खेल भावना और लक्ष्य के साथ खेले कि उनको अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने का मौका मिल सके।
नन्हें हर्षित ने मिट्टी से बनाया शिवलिंग, मंत्री ने की तारीफ
स्थानीय विद्यालय के कक्षा 5वीं के छात्र हर्षित ने मिट्टी से बनाया शिवलिंग प्रभारी मंत्री और अतिथियों को बताया तो सभी ने उसकी सराहना की। प्रभारी मंत्री ने हर्षित का उत्साह बढ़ाने पुरस्कृत भी किया। कार्यक्रम में जिला परिषद सीईओ मयंक मनीष,प्रधानाचार्य वंदना गिलूंडिया, पूर्व मंत्री मांगीलाल गरासिया, देहात कांग्रेस के निवर्तमान जिलाध्यक्ष लालसिंह झाला सहित कई जनप्रतिनिधि और खिलाड़ी मौजूद थे। संचालन शिक्षक कन्हैयालाल सुथार ने किया।

