उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर पुलिस और स्पेशल टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए शहर के 8 थाना क्षेत्रों के 13 व्यापारियों से 15 लाख 66 हजार रूपए की ठगी करने वाले गुजरात के दो ठगों को गिरफ्तार किया है। ये दोनों ठग इतने शातिर थे कि इन्होंने देबारी में गोदाम और एक ऑफिस किराए पर लिया, व्यापारियों से लाखों की कीमत का बड़ी मात्रा में अलग-अलग सामान खरीदा। जिसके बदले सभी को चेक दिए।
व्यापारियों ने चेक लगाए तो सभी के बाउंस हो गए। जब व्यापारी ठगी करने वाले आरोपियों को ऑफिस पहुंचे, तब तक ये शातिर ठग व्यापारियों का सामान लेकर उदयपुर से रफुचक्कर हो चुके थे।
एसपी विकास शर्मा ने बताया कि व्यापारियों से ठगी करने के आरोप में महाराष्ट्र हाल अहमदाबाद निवासी मुकेश दवे 37 पुत्र मनभाई दवे और जयप्रकाश 67 पुत्र जयशंकर दवे को गिरफ्तार किया है। व्यापारियों से ठगा गया ज्यादातर सामान आरोपियों की निशानदेही पर बरामद कर लिया गया है।
शहर में हर बार अलग-अलग थाना क्षेत्रों के व्यापारियों को बनाया निशाना, ताकि भागने का मिल सके मौका
ये दोनों ठग इतने शातिर थे कि इन्होंने हर बार अलग थाना क्षेत्र और इलाके के व्यापारी को निशाना बनाया। ताकि कोई मामला दर्ज भी कराए, तो एकदम से सभी मामले सामने नहीं आएं और इन्हें उदयपुर से रफुचक्कर होने का समय मिल जाए।
ऐसा हुआ भी… अलग-अलग व्यापारियों ने इन आरोपियों के खिलाफ धानमंडी, भूपालपुरा, हिरणमगरी, सूरजपोल, गोवर्धनविलास, सवीना, सुखेर और हिरणमगरी में रिपोर्ट दर्ज करवाई। मतलब आठ थाना क्षेत्रों में आरोपियों ने व्यापारियों से ठगी की। 22 अगस्त को जब योगेश सुराणा ने धानमंडी में मामला दर्ज करवाया और पुलिस ने तफ्तीश की तो अन्य ठगी के मामलों का भी खुलासा हुआ।
इन व्यापारियों से हुई ठगी
- अश्विनी मार्केट के योगेश सुराणा की अरावली फर्नीचर से 464 कुर्सियां खरीद 1 लाख 57 हजार 500 रूपए की ठगी की।
- भूपालपुरा में अंकित भार्गव की फर्म देवांश ट्रेडर्स से दो नोट गिनने की मशीन खरीद 16800 रुपये की ठगी की।
- रेती स्टैंड स्थित नितीन पारीक की फर्म माई बेटरी व इन्वेटर से 6 बेटरी व 6 इंवर्टर खरीद 99900 ठगे।
- सब सिटी सेंटर स्थित विवेक सिंह राव की फर्म बालाजी एग्रो से मुंगफली तेल के 30 डिब्बे लेकर 80700 रूपए ठगे।
- अमरप्रित फर्म लुधियाना रेफीजेटर एवं रेजीडेन्सी से 4 एसी कीमत 1 लाख 54000 रूपये ठगे।
- देहलीगेट स्थित अनूप श्रीवास्तव की फर्म प्रिन्स एंटरप्राइजेज से लेपटॉप खरीदकर 1 लाख 14000 रूपए ठगे।
- कृषिमंडी स्थित त्रिलोक कस्तुरी की फर्म कस्तुरी डॉयफ्रुट से 50 गिफ्ट हैम्पर बास्केट लेकर 1 लाख 74 हजार 500 रूपये ठगे।
- सुखेर स्थित महिपाल सिंह की फर्म प्याम मार्केटिंग से 24 पंखा, 12 गीजर खरीदकर 85186 रूपए ठगे।
- दिग्ग्वजय जोशी की फर्म डीजीव्यू कम्प्यूटर से 2 लेपटॉप 1 लाख 18 हजार रूपए ठगे।
- तीतरड़ी स्थित नितेश व्यास की फर्म एमएस सोलर से 6 बेटरी और 6 इन्वेंटर लेकर 1 लाख 02011 ठगे।
- सेक्टर 14 स्थित विष्णु वैष्णव की राजश्री एंटरप्राइजेज से 120 24-वाट स्ट्रीट लाईट, 120 36-वाट स्ट्रीट लाईट, 30 150-वाट फल्ड लाईट, 30 250-वाट फल्ड लाईट खरीदकर कुल 2 लाख 46 हजार 300 रूपए ठगे।
- एवीएपी एंटरप्राइजेज से 10 सूटकेस लेकर 30000 रूपये ठगे।
- दीपक दाधीच से अलग-अलग एमएम मोटाई के कॉपर वायर बंडल लेकर 1 लाख 47 हजार 426 रूपये ठगे।
ऐसे की ठगी
आरोपियों ने व्यापारियों को भरोसे में लेने के लिए देबारी में एक गोदाम और ऑफिस किराए पर लिया। व्यापारियों से सामान लेकर गोदाम पर खाली करवाया और उस बैंक खाते के चेक दिए, जिसमें बैलेंस नहीं था। दोनों शातिर ठगों ने रातों रात व्यापारियों से ठगा माल देबारी स्थित गोदाम से ट्रक में लोड करवाया और गुजरात लेकर फरार हो गए। जब व्यापारियों के चेक बाउंस हुए तो वे गोदाम पहुंचे, तो वहां खरीददार मिले, न उनका ऑफिस और न ही गोदाम में सामान मिला। तब व्यापारियों को उनके साथ हुई ठगी का एहसास हुआ।
इस टीम ने किया खुलासा : आरोपियों की गिरफ्तारी में धानमंडी थानाधिकारी गोपाल चंदेल के नेतृत्व में स्पेशल टीम हेडकांस्टेबल विक्रम सिंह, यशपाल, कांस्टेबल अनिल पूनिया, उपेन्द्र सिंह, साइबर सेल हेडकांस्टेबल गजराज, धानमंडी थाने के एएसआई बालुराम और कांस्टेबल कैलाश की मुख्य भूमिका रही है।

