Site iconSite icon AR Live News

तीन गेट खुले फिर भी छलक गया स्वरूपसागर: माही बांध के सभी 16 गेट खोले, स्कूलो में कल छुट्टी घोषित

heavy rain Swaroopsagar Overflowheavy rain Swaroopsagar Overflow

भारी बारिश के चलते सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में बुधवार को अवकाश रहेगा

पिंडवाड़ा और झाड़ोल हाइवें पर मलबा और चट्टानें गिरी

उदयपुर(एआर लाइव न्यूज)। बीती रात और मंगलवार को हुई तेज बारिश का व्यापक असर देखने को मिला है। इस बारिश ने शहरी ड्रेनेज सिस्टम की हकीकत भी बता दी है। निकासी सही नहीं होने और नालों की माकूल सफाई नहीं होने से कई जगह पानी भरने से लोग परेशान नजर आए।

इधर उदयपुर-पिंडवाड़ा हाईवें पर बीच रोड पर बड़ी बड़ी चट्टानें गिरने से आवागमन प्रभावित हुआ है। जबकि उदयपुर-झाड़ोल हाईवे 58-ई पर बड़ी मात्रा में पहाड़ी मलबा गिरने से यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया है। भारी बारिश के चलते मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी पुष्पेंद्र कुमार शर्मा से सभी सरकारी और निजी स्कूलों में बुधवार को अवकाश घोषित कर दिया है।

सीसारमा नदी उफान पर आने से मंगलवार को स्वरूपसागर के तीन गेट खोलने के बावजूद इसकी चादर चल गई। तेज बारिश से बेदला नदी में भी उफान आने से बेदला एनिकट की रैलिंग का बड़ा हिस्सा पानी के साथ बह गया है। पोपल्टी-असलीगढ़ क्षेत्र में पुलिया बहने से रास्ता कट चुका है। नाई पोपल्टी क्षेत्र में भी पुलिया कटने से आवाजाही बंद हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार मेवाड़ में आज मंगलवार को हल्की मध्यम बारिश का दौर बना रह सकता है। अगले 24 घण्टे में भी उदयपुर और जोधपुर संभाग में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है।

सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में बुधवार को अवकाश रहेगा

तेज बारिश को देखते हुए मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी पुष्पेंद्र कुमार शर्मा ने 24 अगस्त को जिले के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। हालांकि इस दौरान अध्यापकों और अन्य कर्मचारियों को स्कूल में उपस्थिति देने के निर्देश दिए गए है। क्षतिग्रस्त और जोखिम वाले स्कूल भवनों को बच्चों के लिए उपयोग में नहीं लेने के निर्देश भी दिए गए है।

लोगों की जागरूता से नदी में फंसी गाय बची

बेदला एनिकट के डाउन स्ट्रीम में एक गाय पानी के बीच फंस गई। पंचायत समिति सदस्य भुवनेश व्यास ने एडीएम प्रशासन ओपी बुनकर को सुचना दी। इसके बाद नगर निगम की बचाव टीम मौके पर पहुंची और बड़ी मशक्कत के बाद इस गाय को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बडग़ांव क्षेत्र की कई कॉलोनियों में भी जल भराव होने से सरपंच संजय शर्मा और भुवनेश व्यास सुबह से ही यूआईटी टीम के साथ पानी निकासी की कवायद में लगे रहे।

Exit mobile version