जयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। जयपुर में छात्र संघ चुनाव को लेकर सोमवार को नामांकन भरने के दौरान राजस्थान विश्वविद्यालय के बाहर उम्मीदवारों के समर्थक छात्रों ने जमकर हंगामा किया। छात्रों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को भी दो से तीन बार लाठीचार्ज व बल प्रयोग कर छात्रों को खदेड़ना पड़ा। जिसमें निर्दलीय प्रत्याशी निर्मल चौधरी, एबीवीपी प्रत्याशी नरेन्द्र और इनके समर्थक छात्रों के चोटें आयीं हैं, वहीं दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार सोमवार को छात्रसंघ चुनाव के नामांकन भरे जा रहे थे। निर्दलीय प्रत्याशी निर्मल चौधरी अपने समर्थकों के साथ राजस्थान विश्वविद्यालय पहुंचे थे। पुलिस ने निर्मल के समर्थकों को यूनिवर्सिटी के अंदर घुसने से रोक दिया। नाराज समर्थकों को लेने के लिए निर्मल वापस यूनिवर्सिटी के बाहर पहुंचे। इस दौरान पुलिस की निर्मल व उसके समर्थकों से झड़प हो गई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज कर खदेड़ दिया।
इस पर निर्मल समर्थकों के साथ यूनिवर्सिटी के मेन गेट पर धरना देकर बैठ गए। पुलिस ने उन्हें वहां से हटाने का प्रयास किया तो फिर पुलिस और निर्मल समर्थकों में झड़प हो गयी और पुलिस ने फिर बलप्रयोग कर छात्रों को खदेड़ा। इस दौरान निर्मल चौधारी सहित कई छात्रों के चोटें आयी हैं।
निर्मल के समर्थक शांत हुए नहीं थे और नरेन्द्र समर्थकों के साथ पहुंच गए
निर्मल चौधरी के समर्थक शांत भी नहीं हुए थे, कि एबीवीपी के प्रत्याशी नरेंद्र अपने समर्थकों के साथ राजस्थान यूनिवर्सिटी पहुंच गए। पुलिस ने इनके समर्थकों को भी विश्वविद्यालय के अंदर जाने से रोक दिया, इससे एबीवीपी के कार्यकर्ता भी पुलिस से भिड़ गए। इन्हें भी नियंत्रित करने के लिए पुलिस को मामूली लाठीचार्ज करना पड़ा। इसमें प्रत्याशी नरेन्द्र और कुछ समर्थकों के चोटें आयी है।

