Site iconSite icon AR Live News

बाढ़ के हालात : कोटा में 224 और झालावाड़ के डग में 234 मिलीमीटर बारिश

kota floodkota flood

पूर्वी राजस्थान में अभी भी दो दिन भारी से भारी बारिश के आसार

उदयपुर(एआर लाइव न्यूज)। मौसम विभाग के पूर्वानुमान अनुसार पूर्वी राजस्थान में कई जगह भारी से भारी बारिश होने से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। खासकर कोटा संभाग में भारी बारिश ने विकट हालात बना दिए है। सुबह आठ बजे तक 24 घंटे में कोटा शहर में 224 मिलीमीटर यानी करीब सवा नौ इंच और झालावाड़ के डग में 234 मिमी यानी करीब पौने दस इंच बारिश हुई। उदयपुर संभाग में चित्तौड़ जिले के भेसरोडगढ़ में 135 मिलीमीटर बारिश हुई है।

मौसम विभाग नेे 22 और 23 अगस्त को भी पूर्वी राजस्थान में कई जगह भारी से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया हुआ है। कोटा में रविवार को सुबह से ही बादलों की हलचल बनी रही। कोटा शहर में शाम 5.30 बजे से रात 8.30 बजे तक 65 मिलीमीटर बारिश हुई। इसके बाद बारिश ने जोर पकड़ा और सुबह 8 बजे तक कोटा शहर में बारिश का आंकड़ा 224 मिलीमीटर तक पहुंच गया। भारी से भारी बारिश होने से कोटा में कई कॉलोनियों में जल भराव होने और कई घरों और दुकानों में पानी भी भर गया है। कोटा में एक तरह से बाढ़ के हालात बन गए है।

यहां हुई भारी बारिश

कोटा शहर में 224 मिलीमीटर, डिगोद 222, सुलतानपुर 210, लाडपुरा 192, पिपलदा 171, चैचट 140, रामगंजमंडी 136, मांडना 133, खातोली 122, कानवास 118, सांगोद 110,टौंक जिले के टौंक में 182,नगर फोर्ट 160, अलीगढ़ 121, गलवा टैंक 112, झालावाड़ जिले के डग में 234, पछपहर 132,मनोहर थाना 128, अकलेरा 116, बूंदी जिले के नैनवा में 219, केशवरायपाटन 163, बूंदी 115, बांरा जिले के अंता में 170, मंगरोल 134, बेथली 130, चित्तौड़ जिले के भेसरोडगढ़ में 135,जैतपुरा भीलवाड़ा 75,सवाईमाधोपुर जिले के मोरसागर में 123, चौथ का बरवाड़ा 117 मिलीमीटर बारिश हुई है।

स्कूलों में की छुट्टी, बांधों से निकाला जा रहा पानी

बाढ़ के हालात देखते हुए कोटा और बूंदी जिले में कलेक्टर ने सरकारी और निजी स्कूल में अवकाशघोषित कर दिया है। नदी नाले उफान पर आने से कई सडक़ मार्ग कट गए है। कैचमेंट से आवक तेज होने से कोटा बैराज के गेट खोलकर पानी की निकासी की जा रही है। इसके चलते चंबल नदी के किनारे के लोगों को अलर्ट किया गया है। एमपी में हो रही भारी बारिश से आवक तेज होने से गांधी सागर के गेट भी खोल दिए गए है। इसके अलावा राणा प्रताप सागर बांध से भी पर्याप्त निकासी की जा रही है। जलसंसाधन विभाग और जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है।

Exit mobile version