नई दिल्ली,(एआर लाइव न्यूज)। सीबीआई ने राजस्थान के करौली में एसबीआई की तिजोरी से 11 करोड़ रुपये के सिक्के गायब होने के मामले में गुरुवार को 25 स्थानों पर छापेमारी की।सीबीआई की टीमों ने दिल्ली, जयपुर, दौसा, करौली, सवाई माधोपुर, अलवर, उदयपुर और भीलवाड़ा में 25 स्थानों पर तत्कालीन बैंक अधिकारियों और शाखा प्रबंधक व संयुक्त अभिरक्षक, नकद अधिकारियों आदि सहित अन्य लोगों के परिसरों में तलाशी ली।
सीबीआई से प्राप्त जानकारी के अनुसार राजस्थान उच्च न्यायालय जयपुर के आदेश पर 13 अप्रेल को सीबीआई ने एफआईआर दर्ज की थी। गत वर्ष करौली जिले में SBI की मेहंदीपुर बालाजी स्थित ब्रांच में सिक्कों की गिनती के दौरान 11 करोड़ रूपए के सिक्कों की गड़बड़ी का पता चला था। इसके बाद बैंक मैनेजर ने करौली एसपी को रिपोर्ट देकर मामले की जांच की मांग की थी। बाद में हाईकोर्ट के आदेश पर सीबीआई ने अप्रेल 2022 में एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच अपने हाथ में ले ली थी।
इस मामले में जांच के लिए सीबीआई की टीमों ने एक साथ प्रदेश में 25 स्थानों पर छापेमारी की और तलाशी के दौरान बरामद संदिग्ध दस्तावेजों को जब्त किया है। सीबीआई इन दस्तावेजों की जांच कर रही है।

