उदयपुर(एआर लाइव न्यूज)। बड़गांव में बीती रात आबादी के बीच मेन रोड पर स्थित एसबीआई के एटीएम को काटकर ले जाने का प्रयास हुआ। अज्ञात बदमाश गैस कटर लेकर एटीएम मशीन चुराने पहुंचे थे, लेकिन प्रयास विफल हो गया।
घटनाक्रम अनुसार गुुरुवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने यहां एसबीआई के एटीएम कैबिन के ताले तोड़े। इसके बाद एटीएम मशीन को खोलने का प्रयास किया। मौका स्थिति अनुसार एटीएम मशीन नहीं खुलने पर उसे गैस कटर से काटने का प्रयास भी किया गया। हालांकि बदमाश कोशिशों के बावजूद एटीएम मशीन काटकर ले जाने में सफल नहीं हो पाए। शुक्रवार सुबह एटीएम गार्ड एटीएम के बाहर पहुंचा तो ताले टूटे पड़े। इसकी सूचना मिलने पर बाद में पुलिस और बैंक कर्मी भी मौके पर पहुंचे।
चोरी की बढ़ती घटनाओं पर लोगों में रोष
शहर से सटा गांव होने के बावजूद बड़गांव में चोरों की धमाल बढ़ती जा रही है। इस पर ग्रामीणों में भी रोष नजर आ रहा है। बड़गांव सरपंच संजय शर्मा और पंचायत समिति सदस्य भुवनेश व्यास सहित ग्रामीणों ने गांव में पुलिस गश्त प्रभावी रूप से नहीं होने पर आक्रोश जताया है।
गांव में पिछले दिनों ही चोरों ने धमाल मचाई थी और कई लोगों की कारों के शीशे भी फोड़ दिए थे। तब सरपंच संजय शर्मा ने एडीशनल एसपी चंद्रशील ठाकूर से भेटकर पुलिस गश्त बढ़ाने व बड़गांव चौकी पर स्टाफ बढ़ाने की मांग की थी। उसके बावजूद पुलिस प्रशासन कोई कदम नहीं उठा पाया है।

