Site iconSite icon AR Live News

फतहनगर: सुनार के घर 60 लाख की चोरी: 80 किलो चांदी, 200 ग्राम सोना ले गए बदमाश

परिवार घर की ऊपरी मंजिल पर सो रहा था, चोर ग्राउंड फ्लोर पर बने कमरों के ताले तोड़ ले गए जेवर-नगदी

उदयपुर/फतहनगर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर जिले के फतहनगर थाना क्षेत्र के सनवाड़ कस्बे में सोने-चांदी और ब्याज पर ऋण देने वाले व्यापारी के घर से बीती रात बदमाश 60 लाख कीमत के जेवर और नगदी चोरी कर ले गए। वारदात के समय व्यापारी परिवार के साथ घर के ऊपर मंजिल पर बने कमरों में सो रहा था, जबकि ग्राउंड फ्लोर पर बने कमरों के ताले तोड़ चोर जेवर-नगदी ले गए।

व्यापारी बंशीलाल सोनी और रामकरण सोनी दोनों भाई सुनार हैं और ब्याज पर ऋण देने का काम भी करते हैं। ऐसे में इनके पास बड़ी मात्रा में जेवर बक्सों में रखे हुए थे। व्यापारी बंशीलाल सोनी के अनुसार बदमाश घर से 80 किलो चांदी, 200 ग्राम सोने के जेवर और 2 लाख रूपए नगदी चोरी कर ले गए हैं। चोरी किए गए सामान की कीमत करीब 55 से 60 लाख रूपए आंकी जा रही है।

सुबह परिवार उठा तो चोरी का पता चला

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और व्यापारी से रिपोर्ट लेकर बदमाशों की तलाश में जुटी है, पुलिस को बदमाशों के हुलिए के सीसीटीवी फुटेज भी मिले हैं। पुलिस ने बताया कि सुबह व्यापारी बंशीलाल का परिवार जागा, तो नीचे के कमरों में रखे बॉक्सनुमा पेटियों के टूटे हुए ताले और खाली बॉक्स देखकर चोरी का पता चला।

Exit mobile version