Site iconSite icon AR Live News

खुशियों का सागर “फतहसागर” पर चली चादर: चारों गेट खोले, उमड़ी भीड़

fatehsagar gate opens water overflowingfatehsagar gate opens water overflowing

उदयसागर और स्वरूपसागर के गेट भी खोले गए, गोवर्धनसागर भी छलका

उदयपुर(एआर लाइव)। जलस्तर 13 फीट होने पर शनिवार सुबह फतहसागर के चारों गेट खोल दिए गए और गेट खोलते ही खुशियों के इस सागर पर चादर चल गई। इस मानसून में उदयपुरवासियों को इस दिन का बेसब्री से सबसे ज्यादा इंतजार था। इधर बीती रात स्वरूप सागर के तीन और उदयसागर के दोनों गेट भी खोल दिए गए।

फतहसागर-स्वरूपसागर लिंक नहर के गेट बंद होने से फतहसागर के जलस्तर में बढ़ोतरी होनेे से शनिवार सुबह फतहसागर के चारों गेट खोले गए। इस नजारें को देखने लोगों की भीड़ लगी रही। इधर सीसारमा नदी से आवक तेज होने पर बीती रात स्वरूप सागर के भी तीन गेट खोले दिए गए।

आयड़ नदी में बहाव तेज होने पर बीती रात उदयसागर के भी दोनों गेट खोलने पड़े। इससे वल्लभनगर और बडग़ांव बांध के भरने की उम्मीदें भी बढ़ गई है। गोवर्धनसागर भी छलक गया है मदार के तालाबों पर चादर चलने का क्रम बना हुआ है। मादड़ी बांध करीब एक फीट खाली रह गया है। सीसारमा नदी में पांच फीट बहाव बना हुआ है। फतहसागर का वीडियो देखें..

मदार नहर क्षतिग्रस्त होने से पूरी क्षमता अनुसार पानी लाना संभव नहीं

नीमच खेड़ा देवाली में मदार नहर का किनारा क्षतिग्रस्त होने से अब चाहते हुए भी जलसंसाधन विभाग नहर की क्षमता अनुसार फतहसागर में पानी लाने की स्थिति में नहीं है। नहर से फतहसागर पानी पहुँचेगा भी तो सीमित मात्रा में। इस स्थिति में अब चिकलवास पिकअप वियर से आयड़ नदी में पानी की आवक ज्यादा बनी हुई है। मानसून का सीजन बाकी है और अब मदार तालाब, थूर की पाल से जितना भी पानी ज्यादा आएगा वह सीधा आयड़ नदी होते हुए उदयसागर पहुंचेगा। कैचमेंट में भारी बारिश होती है तो अब आयड़ नदी के उफान पर आने की भी पूरी संभावना नजर आ रही है।

24 घंटे में जयसमंद में 141 और शहर में 86 मिमी बारिश

शहर सहित जिले भर में कई जगह शुक्रवार को देर रात तक रूक रूक कर बारिश का दौर चला। शहर में शनिवार सुबह आठ बजे तक 86 मिलीमीटर बारिश हुई। सबसे ज्यादा 141 मिमी बारिश जयसमंद में हुई। ऋषभदेव 80, उदयसागर 85, बावलवाड़ा 71, मदार 50, नाई 37, झाड़ोल 47,सोमकागदर 81, वल्लभनगर 45, राजसमंद जिले के चिकलवास में 85 मिमी बारिश हुई।

Exit mobile version