Site iconSite icon AR Live News

सीसारमा नदी 7 फीट के करीब : पीछोला अब ढाई फीट खाली

उदयपुर(एआर लाइव न्यूज)। कैचमेंट में रुक रुक कर बारिश का दौरा बना रहने से सीसारमा नदी में बहाव तेज हो गया है। इसका सीधा फायदा पीछोला को होगा।

सीसारमा नदी में गुरुवार सुबह 3 फीट बहाव था जो दोपहर करीब एक बजे 7 फीट के करीब पहुँच गया। इस सीजन में पहली बार सीसारमा इतनी वेग से बही। बुझड़ा नदी से पानी की तेज आवक होने से सीसारमा का वेग तेज हुआ है। इससे पीछोला का गेज 8 फीट 6 इंच हो गया है। इधर थूर की पाल पर भी चादर तेज हो गई है। शहर सहित संभाग में कई जगह सुबह से रुक रुक कर बारिश का दौर बना हुआ है।

कभी भी खोलने पड़ सकते उदयसागर के गेट

उदयसागर का जलस्तर 24 फीट के मुकाबले 21 फीट 4 इंच हो चुका है। नीमच खेड़ा देवाली में मदार नहर क्षतिग्रस्त होने से अब नहर में पूरी क्षमता अनुसार पानी छोड़ना सम्भव नजर नहीं आ रहा। ऐसे में जो भी अतिरिक्त पानी थूर की पाल से आ रहा है वो सीधा आयड नदी होते हुए उदयसागर ही जायेगा। ऐसे में कभी भी उदयसागर के गेट खोलने पड़ सकते है। उदयसागर से पानी की निकासी का रास्ता सकड़ा होने से समय रहते गेट खोलकर इसको खाली करना जरूरी होता है नहीं तो बैकवाटर से आसपास के डूब क्षेत्र के गांवों में पानी घुसने की समस्या शुरू हो जाती है।

लापवाही और अनदेखी : अब दौड़ रहे मदार नहर ठीक करने

नीमच खेड़ा देवाली में मदार नहर का किनारा गुरुवार को और ज्यादा धंस गया। यहां बुधवार को नहर का किनारा क्षतिग्रस्त हुआ था। उसके बावजूद अधिकारियों में जो गम्भीरता नजर आनी चाहिए थी वह नजर नहीं आयी। जिम्मेदार लोग सिर्फ श्रमिको के भरोसे रहें। कटाव वाले स्थान पर नहर किनारे कट्टे भी श्रमिकों ने अपने हिसाब से जमाएं। जबकि उस समय मौके पर तकनीकी रूप से भी नहर के किनारें को सुरक्षित और मजूबती देने का काम होना चाहिए था। जान बूझकर की गई इस लापरवाही का नतीजा गुरुवार को सामने आ गया। उसके बाद जाकर कही जिम्मेदारों की दौड़ भाग शुरू हो पाई। क्षेत्र के जागरूक नागरिक प्रेम ओबरवाल ने जिम्मेदार अभियंताओ को चार्ज शीट देने की प्रशासन से मांग की है।

Exit mobile version